1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सगाई से लेकर 18 जून की खौफ़नाक सुबह तक, सिया के पिता ने बताया पूरा घटनाक्रम, जानिए मां ने क्या कहा?

सगाई से लेकर 18 जून की खौफ़नाक सुबह तक, सिया के पिता ने बताया पूरा घटनाक्रम, जानिए मां ने क्या कहा?

 Reported By: Rajesh Kumar Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jun 30, 2026 06:13 pm IST,  Updated : Jun 30, 2026 06:13 pm IST

क्या केतन के साथ सगाई से खुश नहीं थी सिया? कैसे हुई दोनों की मुलाकात? 18 जून को कैसे केतन के खाई में गिरने का पता चला, इन सभी सवालों का जवाब सिया के माता-पिता ने इंडिया टीवी को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में दिया है।

Siya father and Mother- India TV Hindi
सिया के पित प्रवीण गोयल और मां पूजा गोयल Image Source : INDIA TV

मुंबई: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर इंडिया टीवी के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में सिया के पिता प्रवीण गोयल ने जहां सगाई से लेकर 18 जून की खौफनाक सुबह तक के घटनाक्रम के बारे में बताया वहीं सिया की मां ने कहा कि चार महीने पहले अग्रवाल परिवार को सिया संस्कारी और बहुत अच्छी बहू लगती थी लेकिन आज वह बुरी लग रही है तो हम क्या कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो केतन अग्रवाल के साथ हुआ वही आरोपी के साथ होना चाहिए।

कैसे शुरू हुई रिश्ते की बात?

सिया के पिता ने बताया कि 7 फरवरी को कर्जत में एक शादी के दौरान उनके जीजा जी के माध्यम से सिया के रिश्ते की बात चली थी। धीरे-धीरे बातचीत आगे बढ़ने लगी। 9 फरवरी की रात को यह पता चला कि केतन सिर पर पैच लगाता है और हकलाकरबोलता है। इस पर सिया ने खुद कहा कि पापा, अगर ऐसा है तो रिश्ता कैंसिल कर दो, मुझे कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन अगले दिन  सिया ने इंटरनेट और वेबसाइट्स भी खंगाली । सिया के पिता ने बताया कि उसने दो वीडियो क्लिप भी भेजी जिसमें केतन एक होटल में बिल्डर्स ग्रुप के बीच काफी अच्छा स्पीच दे रहा था। सिया ने कहा कि लड़का जेन्युइन है, कोई हकलाहट नहीं है और वह इस रिश्ते से खुश है। इसके बाद सिया के पिता ने अपने जीजाजी से कहा कि वे बातचीत को आगे बढ़ाएं।

सिया और केतन की पहली मुलाकात

सिया के पिता ने बताया कि 11 फरवरी को मुलाकात तय हुई। सिया के पिता शगुन का सामान भी साथ लेकर गए थे। उन्होंने बताया कि इसी दौरान केतन और सिया की पहली मुलाकात हुई। दोनों ने आपस में करीब डेढ़-दो घंटे बात की और अपनी सहमति दी। दोनों परिवार भी एक-दूसरे से संतुष्ट थे। सिया के पिता ने बताया कि 11 फरवरी को सगाई होने से लेकर 18 जून तक सिया के व्यवहार या स्वभाव में कोई बदलाव नहीं आया था। सिया ने कभी भी केतन से शादी नहीं करने की बात नहीं कही और न ही उनके सामने कभी चेतन नाम के लड़के का जिक्र आया। सिया के पिता ने बताया कि अगर ऐसी कोई बात उनके संज्ञान में आती तो वे एक पिता होने के नाते बेटी से जरूर पूछते, लेकिन उस दौरान सब कुछ पूरी तरह सामान्य था।

18 जून को कैसे और कब खबर मिली?

सिया के पिता प्रवीण गोयल ने 18 जून की घटना को लेकर कहा कि उस दिन उनका परिवार सिया का जन्मदिन मनाने के लिए महाबलेश्वर जानेवाला था। इसकी पूरी तैयारी हो चुकी थी। सुबह सिया के पिता और सिया का भाई साहिल नाश्ता करके अपनी दुकान पर चले गए। सिया के पिता ने बताया कि उन्हें शेविंग के लिए जाना था इसलिए मोबाइल फोन बेटे को दे दिया और बोला कि आधे घंटे में दुकान पर पहंच जाएंगे। सुबह करीब 10.25 या 1.30 बजे के आसपास पर साहिल के पास रखे फोन  पर सिया का कॉल आया। वह काफी घबराई हुई थी। उसने साहिल को बताया कि केतन का पैर स्लिप हो गया है और वे कहीं गिर गए हैं। आप प्लीज कुछ कीजिए। पापा को जल्दी भेज दीजिए। साहिल ने तुरंत ड्राइवर को मोबाइल देकर सैलून भेजा। साहिल ने सबसे पहले प्रवीण गोयल को घटना की जानकारी दी। इसके बाद प्रवीण गोयल घटनास्थल की ओर निकल पड़े। साहिल ने सिया से उसकी लोकेशन मांगी, जिसके बाद वहां से गूगल मैप पर लोकेशन भेजी गई। रास्ते में जब प्रवीण गोयल ने सिया के नंबर पर कॉल किया और वहां मौजूद किसी अज्ञात शख्स ने फोन उठाया। उसने कहा कि आपलोग जल्दी आ जाओ, बच्ची बहुत ज्यादा डरी हुई है। 

सिया की मां ने क्या बताया?

वहीं सिया की मां ने  बताया कि सिया केतन अग्रवाल से बहुत प्यार करती थी और 4 महीने में उन्हें कभी लगा नहीं कि बच्चों में कुछ मनमुटाव हुआ है या प्यार नहीं है या कुछ उनमें अनबन चल रही है। ऐसे कुछ भी नहीं था। बहुत प्यार से बहुत अच्छे से रहते थे। सिया की मां ने बताया कि दोनों बहुत अच्छे से चार महीने रह रहे थे। पता नहीं यह सब कैसे हो गया और क्या हो गया। केतन जी के परिवारवाले बोलते थे कि हमें बहुत संस्कारी लड़की मिली है। लेकिन अब तो कई तरह के आरोप लग रहे हैं। सिया की मां ने कहा कि यह सब कैसे हुआ वो तो भगवान ही मालिक है कि क्या हुआ? कैसे हुआ? किसने किया? हमें कुछ भी पता नहीं क्योंकि हम तो घर पर ही थे। उन्होंने कहा कि अगर सिया दोषी है तो उसके साथ ही वहीं होना चाहिए जो केतन के साथ हुआ। बता दें कि 18 जून को पुणे के व्यवसायी केतन अग्रवाल की लोहगढ़ ट्रैकिंग के दौरान पैर फिसलकर खाई में गिरने की घटना सामने आई थी। लेकिन शक के आधार पर पुलिस ने जब पूरे मामले की गहराई से जांच की तो जो खुलासा हुआ वह चौंकाने वाला था। केतन अग्रवाल की हत्या का आरोप उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी पर लगा। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

देखें पूरा इंटरव्यू

ये भी पढ़ें:

केतन अग्रवाल हत्याकांड में सिया का वकील कौन? आशुतोष ने साहिल को भेजा 10 करोड़ का नोटिस

चेतन और सिया को कोर्ट ने 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा, जानें क्या-क्या सबूत करने हैं इकट्ठे?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।