1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. लातूर में कॉलेज की फीस के पैसे से पिता ने भरवा लिया गैस सिलेंडर, बेटे ने कर दी हत्या

लातूर में कॉलेज की फीस के पैसे से पिता ने भरवा लिया गैस सिलेंडर, बेटे ने कर दी हत्या

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Sep 17, 2025 06:02 pm IST,  Updated : Sep 17, 2025 06:13 pm IST

पैसों की तंगी ने एक बाप की जान ले ली। कॉलेज की फीस भरने के लिए पैसे ना देने पर बेटे ने अपने ही पिता पर हमला कर दिया। इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई है।

मृतक की फाइल फोटो- India TV Hindi
मृतक की फाइल फोटो Image Source : REPORTER INPUT

लातूर के चाकुर तालुका के हिंपळनेर गांव में यह दर्दनाक घटना घटी है। देविदास पांचाळ अपने परिवार के साथ गांव में रहते थे। उनका बेटा चाकुर के एक कॉलेज में पढ़ाई करता था। बेटे ने पिता से कॉलेज फीस के लिए पैसे मांगे लेकिन भारी बारिश के चलते घर की माली हालत बेहद खराब हो चुकी थी। खाना बनाने के लिए गैस खत्म हो गया था, और घर में रखे पैसे गैस खरीदने में खर्च हो चुके थे। जब पिता ने बेटे को यह बताया कि पैसे नहीं हैं, तो दोनों में कहासुनी हो गई।

पिता के सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

गुस्से में आकर बेटे ने लकड़ी से पिता के सिर पर वार कर दिया। घटना के बाद मां ने डर के मारे पिता को घर में बंद कर दिया ताकि बेटा और हमला न कर सके। बाद में घायल देविदास पांचाळ को ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

 घटना की जानकारी मिलते ही चाकुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। गरीबी और लाचारी ने एक पिता की जान ले ली और बेटे को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। यह घटना समाज और सिस्टम दोनों पर सवाल खड़े करती है।

नागपुर में पति और पत्नी गिरफ्तार

वहीं, नागपुर में एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपने भाई की हत्या कर दी और उसे दुर्घटनावश मौत बताने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, दो सितंबर को शिव नगर स्थित ईरोस सोसाइटी में 40 वर्षीय एक व्यक्ति बाथरूम में मृत पाया गया। उसके परिजनों ने उस समय दावा किया था कि वह फिसल गया था और सिर पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

मनकापुर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हमले के कारण सिर में गंभीर चोटें आने का संकेत मिला है। अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि पीड़ित को शराब की लत थी जिसके चलते घर में अक्सर तनाव रहता था। पुलिस को शक होने पर मामले की गहराई से जांच की गई और मंगलवार को मृतक के बड़े भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया गया।  

रिपोर्ट- आसिफ पटेल, लातूर 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।