1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: ठाणे में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 1.70 लाख के पार

महाराष्ट्र: ठाणे में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 1.70 लाख के पार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 28, 2020 12:26 pm IST,  Updated : Sep 28, 2020 12:26 pm IST

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोविड-19 के 1,523 नए मामले सामने आने के बाद सोमवार को यहां संक्रमितों की कुल संख्या 1,70,157 पर पहुंच गई।

महाराष्ट्र: ठाणे में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 1.70 लाख के पार- India TV Hindi
महाराष्ट्र: ठाणे में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 1.70 लाख के पार Image Source : AP

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कोविड-19 के 1,523 नए मामले सामने आने के बाद सोमवार को यहां संक्रमितों की कुल संख्या 1,70,157 पर पहुंच गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार को वायरस संक्रमण के कारण 30 लोगों की मौत के बाद जिले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,365 हो गई। उन्होंने बताया कि नए कोविड-19 मामलों में, ठाणे शहर से 418, नवी मुंबई से 347, कल्याण शहर से 340 और बाकी जिले के अन्य हिस्सों से आए हैं। 

अधिकारी ने बताया कि कल्याण में अब तक सबसे अधिक 41,466 मामले सामने आए हैं, इसके बाद ठाणे शहर में 35,653 और नवी मुंबई में कुल 35,552 मामले हैं। ठाणे शहर में 977 मौतें हुई हैं, जबकि कल्याण में 812 और नवी मुंबई में 736 मौतें हुई हैं। अब जिले में कोविड-19 के 17,736 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1,48,056 मरीज ठीक हो चुके हैं। पड़ोसी पालघर जिले में अब तक कोविड-19 के 34,167 मामले आ चुके हैं, जबकि 662 मौतें हो चुकी हैं।

वहीं, पूरे देश की बात करें तो रविवार सुबह 8 बजे से लेकर सोमवार सुबह 8 बजे के दौरान देशभर में कुल 79170 नए मामले आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 60.74 लाख हो गया है। लेकिन इसमें अधिकतर लोग ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कुल 74893 लोग ठीक हुए हैं और अबतक देशभर में कुल 5016520 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।

देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 82.58 प्रतिशत तक पहुंच गया है। कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 962640 दर्ज की गई है। पिछले 10 दिनों में सिर्फ 2 दिन एक्टिव केस बढ़े हैं और बाकी 8 दिन इनमें कमी आई है। आज जारी हुए आंकड़ों में भी एक्टिव मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लेकिन, सबसे ज्यादा चिंता की बात ये है कि कोरोना वायरस की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक 24 घंटों में 1039 लोगों ने देशभर में कोरोना की वजह से जान गंवाई है। कोरोना वायरस अबतक देश में 95542 लोगों की मौत का कारण बन चुका है। कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में लगातार टेस्टिंग हो रही है, रविवार को देशभर में 7.09 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 7.19 करोड़ को पार कर चुका है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।