1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मूसलाधार बारिश से पानी में डूबी पुलिया, 6 गांवों से संपर्क टूटा, गर्भवती महिला को बैलगाड़ी में अस्पताल ले गए परिजन

मूसलाधार बारिश से पानी में डूबी पुलिया, 6 गांवों से संपर्क टूटा, गर्भवती महिला को बैलगाड़ी में अस्पताल ले गए परिजन

 Written By: Shakti Singh
 Published : Aug 02, 2026 01:23 pm IST,  Updated : Aug 02, 2026 01:23 pm IST

भारी बारिश के चलते मुक्त्तापुर पुलिया पानी में डूब गई। इससे गुमालकोंडा क्षेत्र के 6 गांव संपर्क से कट गए। ऐसे में प्रसव पीड़ित महिला को बैलगाड़ी से अस्पताल ले जाने की नौबत आ गई।

bullock cart- India TV Hindi
गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाते परिजन Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सिरोंचा तहसील के ग्राम पंचायत गुमालकोंडा अंतर्गत आने वाले गुमालकोंडा, मुक्त्तापुर, सोमनूर, मुकीडिगुत्ता, जुना सोमनूर और नया सोमनूर गांव मूसलाधार बारिश के चलते पूरी तरह संपर्क से कट गए हैं। मुत्तापुर स्थित पुलिया पर नदी का पानी आ जाने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान एंबुलेंस तक नहीं पहुंच सकी। पुलिया पानी में डूब जाने के कारण ग्रामीणों ने जोखिम उठाते हुए महिला को बैलगाड़ी की मदद से सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।

बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पुलिया डूबने के बाद मरीजों को उपचार के लिए सिरोंचा उपजिला अस्पताल तक पहुंचाना बेहद मुश्किल हो जाता है। किसी भी समय गंभीर स्वास्थ्य आपात स्थिति उत्पन्न होने पर लोगों की जान पर बन सकती है। बारिश और पुलिया के डूबने से सरकारी कामकाज, विद्यार्थियों की पढ़ाई, स्कूल आने-जाने, आवश्यक सेवाओं, बाजार और ग्रामीणों के दैनिक जीवन पर भी व्यापक असर पड़ा है।

ऊंचा पुल बनवाने की मांग

ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से मुक्त्तापुर में ऊंचे पुल का निर्माण करने तथा सभी मौसम में आवागमन सुचारु रखने वाली सड़क व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो तीव्र जनआंदोलन किया जाएगा। इस मांग को लेकर देवीदास लटकरी, इंद्रकुमार गोगुला, रमेश जंगम, हार्यंत कुमारी, श्रीनिवास जंगम, सडवली लटकरी, संजय गोगुला सहित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने शासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

बड़ी दुर्घटना का खतरा

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर मुत्तापुर में ऊंचा पुल और बारहमासी सड़क उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की स्थिति बन सकती है।

(गढ़चिरौली से नरेश सहारे की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

भिवंडी में चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, 9 की मौत, कई लोग मलबे में फंसे; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जंगल में भालू ने किया हमला, आधी रात मदद के लिए पहुंची मेडिकल टीम, 18 किमी तक स्ट्रेचर पर ढोया और बचा ली जान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।