1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. गैंगस्टर के भतीजे ने 27 बाद चाचा की मौत का लिया बदला, मुखबिर का किया कत्ल; नागपुर से किया गया अरेस्ट

गैंगस्टर के भतीजे ने 27 बाद चाचा की मौत का लिया बदला, मुखबिर का किया कत्ल; नागपुर से किया गया अरेस्ट

 Reported By: Saket Rai Edited By: Mangal Yadav
 Published : Apr 25, 2026 02:40 pm IST,  Updated : Apr 25, 2026 02:43 pm IST

मुंबई पुलिस ने एक बुजुर्ग की हत्या के आरोप में दो लोगों को नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने कथित तौर पर एक पुलिस मुखबिर की हत्या कर दी थी।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
पुलिस हिरासत में आरोपी Image Source : REPORTER

मुंबईः साल 1999 में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए मुंबई के एक गैंगस्टर शादीक़ कालिया के भतीजे शादिक जावर ने अपने चाचा की हत्या के लिए जिम्मेदार 'मुखबिर' की हत्या कर दी। मुंबई पुलिस के मुताबिक, आरोपी शादिक जावर ने एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक की टीम को उसके चाचा की टिप देने वाले इकबाल इब्राहिम सेलिया (78 वर्ष ) से 27 साल बाद बदला लिया।

बुजुर्ग को बेरहमी से मारा

जानकारी के मुताबिक, 20 अप्रैल की शाम नागपाड़ा स्थित सेलिया के घर पर दो हमलावरों ने धारदार हथियार से 20 से अधिक बार हमला कर उसकी हत्या कर दी। जब पीड़ित की पत्नी और बेटे घर लौटे तो उन्हें खून से लथपथ शव मिला। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने चार दिनों में शादिक जावर (लगभग 29 वर्ष) और उसके सहयोगी नौशाद मिथानी (22 वर्ष) को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था आरोपी का चाचा

पुलिस के मुताबिक, शादिक कालिया 1990 के दशक में कालाचौकी में फुटपाथ पर जूते बेचकर जीवन यापन करता था। दाऊद इब्राहिम गैंग के हफ्ता वसूलने वालों को उसने हफ्ता देने से इनकार किया, जिसके बाद छोटा शकील ने उसे अपनी गैंग में शामिल कर लिया। कालिया और मुन्ना झिंगड़ा जिसको लेकर कहा जाता है, कि वह अभी पाकिस्तान में है, दोनों ने मिलकर मुंबई में अनेक हत्याएं कीं। नवंबर 1999 में एक प्रमुख राजनेता की हत्या की योजना के दौरान दया नायक की  टीम न उसे घेर लिया गया और शादिक कलिया एनकाउंटर में मारा गया। 

27 साल बाद लिया बदला

शादिक जावर,जो उस वक्त महज 2 साल के रहा होगा उसने बड़े होकर सेलिया को ही चाचा की मौत का जिम्मेदार ठहराया। 20 अप्रैल की शाम 6:45 बजे, जब परिवार बाहर था, दोनों आरोपियों ने हमला किया। सीसीटीवी फुटेज से उनकी गतिविधियां कैद हुईं। हत्या के बाद वे अंटोप हिल, विद्याविहार होते हुए कल्याण पहुंचे और वहां से नागपुर भागे। टेक्निकल एविडेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने उसे पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल लिया। नागपाड़ा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक प्रदीप काले ने हत्या एवं पीड़ित की पहचान की पुष्टि की, फिलहाल इस मामले की जांच जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।