मुंबईः महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (उद्धव) गुट के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह छात्रों को कोर्ट में नहीं घसीटना चाहते। गाली देने वाले बच्चों को वह माफ कर रहे हैं। उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को माफ करने की जरूरत नहीं बल्कि बच्चों से माफी मांगने की जरूरत है।
उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी और अमित शाह पर साधा निशाना
उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से माफी मांगनी चाहिए। ऐसा इसलिए विद्यार्थियों पर डंडे बरसाए गए, आंसू गैस के गोले छोड़े गए। पैलेट गन से हमला किया गया। इतना ही नहीं पुरुष पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों के कपड़े भी फाड़े। सबसे पहले तो प्रधानमंत्री को जिन बच्चों ने आत्महत्या किया उनके माता-पिता से माफी मांगना चाहिए। प्रधानमंत्री को लेकर जिस तरह के भाषा का प्रयोग किया गया। वह सही है या गलत इस पर चर्चा तो होनी चाहिए, लेकिन सबसे पहले इसकी शुरुआत किसने की?
उद्धव ने कहा कि यहां मुंबई में भी जिस लड़की रिया अहीर ने बहादुरी दिखाई उसे लोगों ने गलत तरीके से ट्रोल किया। प्रधानमंत्री को अपने आसपास काम कर रहे विश्वासपात्र से इस देश में क्या चल रहा है। इस बात की जानकारी लेनी चाहिए। प्रधानमंत्री को माफ करने की जरूरत नहीं बल्कि बच्चों से माफी मांगने की जरूरत है।
कांग्रेस ने भी साधा निशाना
वहीं, कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिया गया ''माफ करने'' वाला बयान देश के युवाओं का अपमान है और अब प्रधानमंत्री की ''इंस्टाग्राम सभाएं'' किसी को गुमराह नहीं कर सकतीं। कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री ''विक्टिम कार्ड खेल'' रहे हैं, जबकि देश प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों के साथ हुई बर्बरता के लिए उनसे माफी का इंतजार कर रहा है।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार रात को एक वीडियो शेयर कर कहा था कि उन्हें इस बात का दुख है कि जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान न सिर्फ उनके, बल्कि उनकी दिवंगत मां के लिए भी भद्दी गालियों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने यह भी कहा था कि इन 'गुमराह बच्चों'' को माफ किए जाने की जरूरत है।
ये भी पढ़ेंः अजीत डोभाल को मिला लोकमान्य तिलक पुरस्कार, अमित शाह बोले- देश की सुरक्षा मजबूत करने में अहम भूमिका