1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र में पूर्ण लॉकडाउन तय, ऑक्सीजन की कमी के कारण लिया गया फैसला

महाराष्ट्र में पूर्ण लॉकडाउन तय, ऑक्सीजन की कमी के कारण लिया गया फैसला

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 20, 2021 06:31 pm IST,  Updated : Apr 20, 2021 06:56 pm IST

महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण से चिंतित उद्धव ठाकरे सरकार ने कैबिनेट की बैठक की। बैठक में राज्य के भीतर पूर्ण लॉकडाउन पर फैसला लिया गया।

महाराष्ट्र में लगने वाला है लॉकडाउन, मंत्री असलम शेख बोले- कुछ घंटों में होगा ऐलान- India TV Hindi
महाराष्ट्र में लगने वाला है लॉकडाउन, मंत्री असलम शेख बोले- कुछ घंटों में होगा ऐलान Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना वायरस संक्रमण से चिंतित उद्धव ठाकरे सरकार ने कैबिनेट की बैठक की। बैठक में राज्य के भीतर पूर्ण लॉकडाउन पर फैसला लिया गया। महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री असलम शेख ने बताया कि अगले कुछ घंटों में पूर्ण लोकडाउन की घोषणा होगी। ऑक्सीजन की कमी के करण यह फैसला लिया गया है।

असलम शेख के अलावा PWD मंत्री एकनाथ शिंदे ने भी इस बात की पुष्टि की है कि राज्य में लॉकडाउन लगाना जरूरी हो गया है और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इसका ऐलान करेंगे। उन्होंने भी इस फैसले के पीछे ऑक्सीजन की कमी को वजह बताया है। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री पूर्ण लोकडाउन की घोषणा करेंगे, अभी यह जरूरी हो गया है। ऑक्सीजन कमी है।"

वहीं, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, "हमने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि वह कल शाम 8 बजे से राज्य में पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा करें। यह सभी मंत्रियों का सीएम से अनुरोध था, अब यह उनका निर्णय है।"

किराना, खाद्य सामग्री की दुकानें सिर्फ सुबह को खुलेंगी

इससे पहले मंगलवार को ही मौजूदा कोरोना पाबंदियों के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार ने फैसला किया था कि राज्य में एक मई तक किराना और खाद्य सामग्री की दुकानें सुबह सात बजे से 11 बजे तक ही खुली रहेंगी। सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के तेजी से बढ़ रहे मामलों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया।

नयी पाबंदियां मंगलवार रात आठ बजे से एक मई सुबह सात बजे तक प्रभावी रहेंगी। राज्य में पिछले दो सप्ताह से रोजाना औसतन संक्रमण के 50,000 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। राज्य के ‘ब्रेक द चेन’ कार्यक्रम के तहत पहले से ही कई अन्य पाबंदियां प्रभावी हैं। नया आदेश राज्य के आपदा प्रबंधन और राहत और पुनर्वास विभाग ने दिया है। 

आदेश के अनुसार, ‘‘किराना, सब्जी, फल, डेयरी, बेकरी, कंफेक्शनरी, चिकन, मटन, मांस, मछली अंडा सहित तमाम प्रकार की खाद्य सामग्री, कृषि क्षेत्र से जुड़ी वस्तुओं की दुकानें, पालतू पशुओं के भोजन से जुड़ी दुकानें, बारिश के मौसम से जुड़ी सामान की दुकानें’’ सुबह सात से 11 बजे तक खुलेंगी। 

उसमें कहा गया है कि ऐसी दुकानों से होम डिलीवरी सुबह सात बजे से रात आठ बजे तक की जा सकेगी, लेकिन स्थानीय प्रशासन आवश्यकतानुसार समय में बदलाव कर सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।