महाराष्ट्र के विक्रोली इलाके में ईद मिलाद-उन-नबी समारोह के दौरान लगाए गए कुछ बैनरों पर आपत्ति जताने वाले एक व्यक्ति के घर में अगले दिन कुछ अज्ञात लोगों ने आग लगाने की कोशिश की। इसके बाद मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने पार्कसाइट क्षेत्र में शिकायतकर्ता के घर के बाहर ‘सर तन से जुदा’ नारे लिखा हुआ एक बैनर भी लगाया था।
4-5 लोगों के साथ हुई तीखी बहस
दरवाजे के पर्दे में आग लगी देखकर घर के लोग बाहर निकल आए, जिससे इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। अधिकारी के अनुसार, जांच में पता लगा कि शिकायतकर्ता ने सोमवार को ईद मिलाद-उन-नबी समारोह के दौरान पार्कसाइट क्षेत्र के संभाजी चौक पर लगाए गए पोस्टरों पर आपत्ति जताई थी, जिसके कारण उसकी चार-पांच लोगों के साथ तीखी बहस हुई।
जुलूस के बाद हटाए गए बैनर
पुलिस के एक अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझा लिया गया और ईद मिलाद-उन-नबी के जुलूस के बाद बैनर हटा दिए गए। घटना के बाद पार्कसाइट थाने में आपराधिक मामला दर्ज किया गया और इस मामले की जांच की जा रही है। (भाषा के इनपुट के साथ)