1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: आज होगा तारीखों का ऐलान, महायुति में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय?

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: आज होगा तारीखों का ऐलान, महायुति में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय?

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Oct 15, 2024 08:36 am IST,  Updated : Oct 15, 2024 12:06 pm IST

महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज होने वाला है। इस बीच, महायुति गठबंधन ने सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय कर लिया है। जानें क्या है फॉर्मूला?

maharashtra election- India TV Hindi
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव Image Source : FILE PHOTO

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान आज होने वाला है। राज्य में दोनों गठबंधन, महायुति और महाविकास अघाड़ी में सीट शेयरिंग को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है। इस बीच सोमवार को राकांपा के प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के सहयोगी महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय हो गया है। 288 में से 230 सीटों के लिए आम सहमति बन गई है। पटेल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हम 225 से 230-235 सीटों पर आम सहमति पर पहुंच गए हैं। एक बार अन्य सीटों पर फैसला हो जाने के बाद, हम आपको अगले दो से चार दिनों में बता देंगे।"

अजित पवार को लेकर असमंजस

पटेल का बयान महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार द्वारा महायुति गठबंधन के बीच दरार की खबरों को स्पष्ट करने के एक दिन बाद आया है - जिसमें राकांपा, भाजपा और एकनाथ शिंदे की शिवसेना शामिल है। बता दें कि एक दिन पहले ही अजित पवार कैबिनेट मीटिंग से जल्दी निकल गए थे और उस बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। उनके मीटिंग से जल्दी निकल जाने से महायुति गठबंधन के भीतर संभावित दरार की अटकलें तेज हो गईं थीं। 

इतने सीटों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा

इससे पहले, शनिवार को बीजेपी नेता चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा कि 90 फीसदी सीटों पर बातचीत पूरी हो चुकी है और शेष 10 फीसदी अगले कुछ दिनों में पूरा हो जाएगा। खबरों के मुताबिक, भाजपा 140-150 सीटों के बीच कहीं भी चुनाव लड़ सकती है। शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के 80 सीटों पर लड़ने की संभावना है, जबकि एनसीपी 55 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।

कहा जा रहा है कि महाराष्ट्र बीजेपी कोर कमेटी की बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर लगभग सहमति बन गई है और अब बीजेपी केंद्रीय पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक में इसपर चर्चा होगी और इसपर अंतिम मुहर लगेगी। अभी तक आधिकारिक तौर पर कुछ कहा नहीं जा सकता है कि दोनों गठबंधन में कौन कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

(पीटीआई इनपुट्स)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।