1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. अवैध संबंध का चक्कर! लकवाग्रस्त पति को भी नहीं छोड़ा, प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से मार डाला

अवैध संबंध का चक्कर! लकवाग्रस्त पति को भी नहीं छोड़ा, प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से मार डाला

 Reported By: Yogendra Tiwari, Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 07, 2025 02:31 pm IST,  Updated : Jul 07, 2025 02:56 pm IST

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी। इस घटना में पत्नी के प्रेमी ने भी उसका साथ दिया। दोनों ने पति के मुंह को तकिये से दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार। Image Source : INDIA TV

नागपुर: जिले के वाथोड़ा थाना क्षेत्र में हत्या का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां अवैध संबंध में बाधा बन रहे लकवाग्रस्त पति की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करा दी। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। मृतक की पहचान चंद्रसेन बालकृष्ण रामटेक के रूप में हुई है। चंद्रसेन की पत्नी और उसके आशिक ने तकिये से नाक और मुंह दबाकर घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने घटना के दो दिन बाद इसका खुलासा किया है। इसके साथ ही आरोपी मृतक की पत्नी दिशा रामटेक और उसके प्रेमी आसिफ राज इस्लाम अंसारी उर्फ राजा बाबू टायर वाला को गिरफ्तार कर लिया है।

डेढ़ साल से लकवाग्रस्त था पति

दरअसल, मृतक चंद्रसेन बालकृष्ण रामटेक एक कंपनी में काम करता था। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी और दो बेटे भी थे। करीब डेढ़ साल पहले चंद्रसेन को लकवा हो गया था। इसके बाद से वह घर पर ही रहता था। कमाई का जरिया न होने की वजह से पत्नी दिशा ने घर में वाटर प्लांट आरंभ किया। इसके बाद ड्राइविंग सीखकर वह घर-घर वॉटर कैन की बिक्री करने लगी। इसी बीच उसकी दोस्ती आसिफ से हुई। दिशा का स्वभाव बदलता देख चंद्रसेन को संदेह हुआ और उसे बाद में दिशा और आसिफ के रिश्तों का पता चल गया। वह दिशा को फटकार लगाने लगा।

अवैध संबंध का पता चलने पर की हत्या

इसी बीच आरोपी पत्नी दिशा ने प्रेमी आसिफ के साथ मिलकर चंद्रसेन की हत्या की साजिश रची। दोनों ने 4 तारीख को योजना के मुताबिक चंद्रसेन की हत्या कर दी। चंद्रसेन जब सो रहा था, तभी दिशा ने अपने प्रेमी की मदद से चंद्रसेन के नाक, मुंह और गले को तकिये से दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। चंद्रसेन का शव घर में करीब 2 घंटे तक पड़ा रहा। इसके बाद पत्नी उसे लेकर मेडिकल हॉस्पिटल गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस को मुंह, नाक और गाल दबने से चंद्रसेन की मौत होने का पता चला। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने सच्चाई बता दी। इसके बाद पुलिस ने दिशा और फरार आरोपी आसिफ को भी हिरासत में ले लिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।