महाराष्ट्र के नवी मुंबई में एक महिला ने अपनी सास की पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के चलते सास-बहू में कहासुनी हुई, जिसके बाद बहू ने सास पर हमला कर दिया। बहू की पिटाई से सास के सिर में चोट भी लगी है। फिलहाल आरोपी महिला मौके से फरार है। वहीं पीड़ित पक्ष ने आरोपी महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी महिला की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है। सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सास-बहू में हुई कहासुनी
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना 21 अगस्त को ऐरोली इलाके में हुई। वहीं घटना के बाद से आरोपी महिला फरार है। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। रबाले थाने के उपनिरीक्षक यूनुस शेख ने बताया कि आरोपी महिला ने अपनी सास से बाथरूम में रखा एक लोहे का बक्सा हटाने को कहा, लेकिन बुजुर्ग महिला ने यह कहते हुए मना कर दिया कि बक्सा बहुत भारी है, जिसके बाद दोनों के बीच बहस हो गई। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद महिला ने सास के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया, उसे थप्पड़ मारे, उसके बाल पकड़े और उसका सिर दीवार पर दे मारा।
घटना के बाद से बहू फरार
उन्होंने बताया कि महिला ने अपनी सास का मोबाइल फोन भी छीन लिया और उसे घर से बाहर फेंक दिया। इतना ही नहीं आरोपी ने घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अधिकारी ने बताया कि घायल बुजुर्ग महिला ने इलाज करवाने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उपनिरीक्षक यूनुस शेख ने बताया, “फिलहाल आरोपी महिला को गिरफ्तार नहीं किया गया है। हमारी टीम मामले की सक्रियता से जांच कर रही है और सबूतों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करेगी।” (इनपुट- पीटीआई)