1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. OYO होटल में महिला की गोली मारकर हत्या, पिस्टल के साथ प्रेमी गिरफ्तार

OYO होटल में महिला की गोली मारकर हत्या, पिस्टल के साथ प्रेमी गिरफ्तार

 Published : Jan 28, 2024 08:14 pm IST,  Updated : Jan 28, 2024 08:14 pm IST

महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवड़ में बीती रात एक प्रेम प्रसंग के चक्कर में एक महिला की ओयो होटल में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में प्रेमी को पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

OYO murder- India TV Hindi
पिंपरी चिंचवाड़ शहर के हिंजेवाड़ी इलाके में है ये होटल Image Source : INDIA TV

महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ शहर के हिंजेवाड़ी इलाके से एक बड़ी वारदात सामने आई है। खबर है कि यहां एक ओयो होटल में एक महिला की लाश मिली है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक महिला की आधी रात को गोली मारकर हत्या की गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद हिंजेवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ये बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। यह बात भी सामने आ रही है कि ये प्रेम प्रसंग का मामला है।

वंदना का बॉयफ्रेंड है ऋषभ निगम

मृतक लड़की का नाम वंदना द्विवेदी है। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान ऋषभ निगम के रूप में हुई है। लड़की और युवक दोनों ही उत्तर प्रदेश के हैं। इस मामले में हिंजेवाड़ी पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस की ओर से दी गई शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ऋषभ निगम वंदना का बॉयफ्रेंड है। शनिवार देर रात उसने वंदना को गोली मार दी। इसके बाद उसकी जान चली गयी। घटना हिंजवडी के लक्ष्मी चौक पर हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सॉफ्टवेयर इंजीनियर वंदना

पुलिस ने बताया कि वंदना की हत्या करने के बाद ऋषभ मुंबई की ओर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान उसे पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है कि वंदना को गोली क्यों मारी गई और यह घटना रात के किस समय हुई। जानकारी मिली है कि मृतक वंदना इंफोसिस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थी। वहीं आरोपी ऋषभ मूल रूप से लखनऊ का रहने वाला है। 

गुस्से में आकर ऋषभ ने चलाई गोली

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी पुणे आया था और शनिवार देर रात तक वंदना और ऋषभ सही थे। वे भोर के आसपास हिंजवडी के लक्ष्मी चौक पर रुके। उस वक्त उनके बीच बहस हो गई। गुस्से में आकर ऋषभ ने अपनी पिस्तौल से वंदना पर गोली चला दी। गोली लगने से वंदना लहुलुहान होकर वहीं गिर पड़ी और इसके बाद ऋषभ वहां से भाग गया।

(रिपोर्ट- ज़ैद मेमन)

ये भी पढ़ें-

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।