1. Hindi News
  2. मिजोरम
  3. मिजोरम में MNF और कांग्रेस जल्द करेगी लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार का ऐलान, ZPM से इन्हें मिला टिकट

मिजोरम में MNF और कांग्रेस जल्द करेगी लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार का ऐलान, ZPM से इन्हें मिला टिकट

 Published : Mar 18, 2024 11:35 pm IST,  Updated : Mar 18, 2024 11:45 pm IST

एमएनएफ उपाध्यक्ष वनलालज़ावमा ने आइजोल में पार्टी नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि हम पांच साल बाद सत्ता में वापस आ रहे हैं।

एमएनएफ अध्यक्ष ज़ोरमथांगा- India TV Hindi
एमएनएफ अध्यक्ष ज़ोरमथांगा Image Source : FILE-REUTERS

आइजोलः मिजोरम की मुख्य विपक्षी पार्टी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने सोमवार को दावा किया कि वह 2028 में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में वापस आएगी। एमएनएफ उपाध्यक्ष वनलालज़ावमा ने आइजोल में पार्टी नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि हम पांच साल बाद सत्ता में वापस आ रहे हैं।

एमएनएफ इसी सप्ताह करेगी उम्मीदवार की घोषणा

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लालदुहोमा के नेतृत्व वाली वर्तमान ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) सरकार अभी अच्छा काम कर रही है।  सरकार के प्रति लोगों का रवैया धीरे-धीरे बदल सकता है। वनलालज़ावमा ने बताया कि एमएनएफ इस सप्ताह आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकता है। 

जेडपीएम पहली बार लड़ रही लोकसभा चुनाव

सत्तारूढ़ जेडपीएम पहली बार अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने 46 वर्षीय उद्यमी रिचर्ड वानलालहमंगइहा को मैदान में उतारा है। कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. लल्लिअनचुंगा ने कहा कि वे जल्द ही पार्टी के उम्मीदवार का नाम सामने लाएंगे। प्रदेश पार्टी अध्यक्ष वनलालहमुआका ने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव भी लड़ेगी और जल्द ही अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा करेगी।

19 अप्रैल को होगा मतदान

राज्य की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए मतदान 19 अप्रैल को होगा और वोटों की गिनती 4 जून को होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 27 मार्च है, जबकि उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 30 मार्च है।

विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार

पिछले साल नवंबर में हुए राज्य विधानसभा चुनावों में एमएनएफ को जेडपीएम के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा और उसे केवल 10 सीटें मिलीं, जो 2018 के विधानसभा चुनावों में जीती गई 26 सीटों से कम है। 40 सदस्यीय विधानसभा में जेडपीएम ने 27 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा और कांग्रेस को क्रमशः दो और एक सीट मिली थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मिजोरम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।