1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. मारुति ने लगातार 7वें महीने अपने उत्‍पादन में की कटौती, अगस्‍त में बनाए बस 1,11,370 वाहन

मारुति ने लगातार 7वें महीने अपने उत्‍पादन में की कटौती, अगस्‍त में बनाए बस 1,11,370 वाहन

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 02, 2019 06:52 pm IST,  Updated : Sep 02, 2019 06:52 pm IST

कंपनी ने अगस्त महीने में 1,11,370 वाहन उत्पादित किए, जबकि पिछले साल की समान अवधि में कंपनी का उत्पादन 1,68,725 वाहन था।

Maruti cuts production for 7th straight month in August- India TV Hindi
Maruti cuts production for 7th straight month in August Image Source : MARUTI CUTS PRODUCTION FO

नई दिल्‍ली। वाहन बाजार में मंदी के चलते मारुति सुजुकी इंडिया ने अगस्त में अपने उत्पादन में 33.99 प्रतिशत की कटौती की है। इस प्रकार यह लगातार सातवां महीना है, जब देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी ने अपना उत्पादन घटाया है।

 मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने सोमवार को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि कंपनी ने अगस्त महीने में 1,11,370 वाहन उत्पादित किए, जबकि पिछले साल की समान अवधि में कंपनी का उत्पादन 1,68,725 वाहन था। अगस्त में यात्री वाहनों का उत्पादन 1,10,214 वाहन रहा, जो अगस्त 2018 में 1,66,161 वाहन था। इस प्रकार इसमें 33.67 प्रतिशत की गिरावट आई है।

अल्‍टो, न्यू वैगनआर, सेलेरियो, इग्निस, स्विफ्ट, बलेनो और डिजायर सहित मिनी और कॉम्पैक्ट सेगमेंट की कारों का उत्पादन पिछले साल अगस्त में 1,22,824 वाहन था, जिसके मुकाबले इनका उत्पादन इस साल अगस्त में 80,909 वाहन रहा। यह 34.1 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है।

यूटिलिटी वाहन जैसे विटारा ब्रेजा, अर्टिगा और एस-क्रॉस का उत्पादन एक वर्ष पहले के 23,176 वाहनों के मुकाबले इस बार अगस्त में 34.85 प्रतिशत घटकर 15,099 वाहन रह गया। मध्यम आकार की सेडान सियाज का उत्पादन पिछले साल अगस्त में 6,149 वाहन हुआ था, जो पिछले महीने घटकर 2,285 वाहन रह गया।

सूचना के मुताबिक हल्के वाणिज्यिक वाहन सुपर कैरी का उत्पादन भी पिछले महीने घटकर 1,156 वाहन रह गया, जो अगस्त 2018 में 2,564 वाहन था। जुलाई में इस वाहन निर्माता कंपनी ने अपने उत्पादन में 25.15 प्रतिशत की कटौती करते हुए 1,33,625 वाहनों का उत्पादन किया था। कंपनी ने रविवार को पिछले महीने अपनी कुल बिक्री में 33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,06,413 वाहन बिक्री की सूचना दी थी, जबकि अगस्त 2018 में 1,58,189 वाहनों की बिक्री हुई थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा