Auto Sales in March 2026: देश की तमाम ऑटोमोबाइल कंपनियों ने बुधवार को मार्च की बिक्री के आंकड़े जारी कर दिए। मारुति सुजुकी इंडिया ने बताया कि मार्च, 2026 में उनकी कुल बिक्री 16.72 प्रतिशत 2,25,251 यूनिट हो गई। कंपनी ने मार्च, 2025 में 1,92,984 गाड़ियां बेची थीं। मारुति सुजुकी इंडिया ने पिछले महीने घरेलू बाजार में कुल 1,66,219 यात्री वाहन बेचे, जो पिछले साल मार्च की तुलना में 10.27 प्रतिशत ज्यादा है। मारुति ने मार्च, 2025 में 1,50,743 यात्री वाहन बेचे थे। कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में उसकी कुल बिक्री 24,22,713 यूनिट रही, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में ये आंकड़ा 22,34,266 था।
टाटा मोटर्स की बिक्री में जबरदस्त उछाल
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड ने बुधवार को बताया कि मार्च, 2026 में उसकी कुल बिक्री 29 प्रतिशत बढ़कर 66,971 यूनिट रही, जो पिछले साल इसी महीने में 51,872 यूनिट थी। कंपनी ने बताया कि घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की बिक्री 66,192 यूनिट रही, जो पिछले साल मार्च में बिकीं 51,616 गाड़ियों की तुलना में 28 प्रतिशत ज्यादा है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार के मोर्चे पर कंपनी की बिक्री पिछले महीने तीन गुना से ज्यादा होकर 779 यूनिट हो गई, जो मार्च, 2025 में 256 यूनिट थी। इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) सेगमेंट में कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पिछले महीने 9,494 गाड़ियां बेचीं, जो पिछले साल मार्च की तुलना में 77 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 6,41,587 गाड़ियां बेचीं, जो वित्त वर्ष 2024-25 की तुलना में 15 प्रतिशत ज्यादा है।
महिंद्रा की एसयूवी का जलवा बरकरार
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड ने बुधवार को बताया कि मार्च में निर्यात सहित उसकी कुल बिक्री सालाना आधार पर 21 प्रतिशत बढ़कर 99,969 यूनिट रही। कंपनी ने पिछले साल मार्च में 82,431 गाड़ियां बेची थीं। इनमें एसयूवी और हल्की कमर्शियल गाड़ियां भी शामिल हैं। कंपनी ने बताया कि मार्च, 2026 में उनकी एसयूवी की बिक्री 25 प्रतिशत बढ़कर 60,272 यूनिट रही, जो एक साल पहले इसी महीने में 48,048 यूनिट थी। निर्यात सहित कुल एसयूवी की बिक्री 62,109 यूनिट रही। कमर्शियल गाड़ियों की बिक्री में कंपनी ने भारत में 24,928 वाहन बेचे। ये पिछले साल मार्च की तुलना में 11 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में एसयूवी की बिक्री में 20 प्रतिशत बढ़कर 6,60,276 यूनिट रही, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में ये आंकड़ा 5,51,487 यूनिट था।
हुंडई ने मार्च में बेचीं 69,004 गाड़ियां
हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड की मार्च में कुल बिक्री सालाना आधार पर 2.5 प्रतिशत बढ़कर 69,004 यूनिट रही। कंपनी ने बताया कि इसमें 55,064 गाड़ियों की घरेलू बिक्री और 13,940 गाड़ियों का निर्यात शामिल है। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कुल 2,08,275 गाड़ियां बेचीं, जो पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही की तुलना में 8.7 प्रतिशत ज्यादा है। इसमें 1,66,578 गाड़ियों की घरेलू बिक्री शामिल है, जो सालाना आधार पर 8.5 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी ने बताया कि चौथी तिमाही में उनका निर्यात 41,697 यूनिट रहा, जो सालाना आधार पर 9.4 प्रतिशत ज्यादा है।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की बिक्री में शानदार बढ़ोतरी
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने बताया कि मार्च में उसकी कुल बिक्री पिछले साल मार्च की तुलना में 24 प्रतिशत बढ़कर 37,194 यूनिट रही। मार्च, 2026 में टोयोटा ने घरेलू बाजार में कुल 35,125 गाड़ियां बेचीं। पिछले साल मार्च में कंपनी ने 28,373 गाड़ियां बेची थीं। मार्च में कंपनी का निर्यात भी पिछले साल मार्च के 1,670 की तुलना में 24 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,069 दर्ज किया गया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 4,06,081 गाड़ियों की बिक्री की। ये वित्त वर्ष 2024-25 में बेची गई 3,37,148 गाड़ियों की तुलना में 20 प्रतिशत ज्यादा है।