1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. टाटा से लेकर मारुति तक, कई कंपनियां नए साल में महंगी करेंगी कारें, जानिए कितनी बढ़ेगी कीमतें

टाटा से लेकर मारुति तक, कई कंपनियां नए साल में महंगी करेंगी कारें, जानिए कितनी बढ़ेगी कीमतें

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Dec 30, 2023 04:32 pm IST,  Updated : Dec 30, 2023 04:34 pm IST

इनपुट लागत बढ़ने के चलते कई कार कंपनियां नए साल में गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं। टाटा मोटर्स जनवरी 2024 में यात्री वाहनों और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी पर विचार कर रही है। ऑडी ने पहले कहा था कि वह अगले साल जनवरी से भारत में अपने वाहनों की कीमतों में 2% तक बढ़ोतरी करेगी।

महंगी होंगी कारें- India TV Hindi
महंगी होंगी कारें Image Source : FILE

अगर आप नए साल यानी 2024 में कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपको अपनी जेब ढीली करनी पड़ सकती है। नए साल में कई सारी कार कंपनियों द्वारा कीमतें बढ़ाने की उम्मीद है। प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियां जैसे मारुति सुजुकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ऑडी इंडिया, हुंडई कार्स इंडिया और एमजी मोटर्स 2024 में अपने चार पहिया वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी करने की तैयारी कर रही हैं। आइए जानते हैं कि ये कंपनियां अपनी कारों की कीमतों में कितना इजाफा कर सकती हैं।

टाटा मोटर्स

टाटा मोटर्स भी जनवरी 2024 में यात्री वाहनों और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी पर विचार कर रही है। प्रमुख वाहन निर्माता साल 2024 में कीमतों में कितनी बढ़ोतरी करेगा, इसका खुलासा नहीं किया है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने नवंबर में कहा था, 'हम जनवरी 2024 में अपने यात्री और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी पर विचार कर रहे हैं। बढ़ोतरी की सीमा और सटीक विवरण कुछ हफ्तों में घोषित किए जाएंगे।'

मारुति सुजुकी

मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी गाड़ियों की कीमतों में आखिरी बार इस साल अप्रैल में 0.8% की बढ़ोतरी की थी। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने गाड़ियों की कीमतों में कुल 2.4% की बढ़ोतरी की थी। मारुति सुजुकी के सीनियर एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर शशांक श्रीवास्तव ने मिंट को एक इंटरव्यू में बताय था, 'पिछले 3-4 महीनों में स्टील की कीमतों में थोड़ी तेजी आई है, जो हमारे कुल कमोडिटी खरीद का लगभग 38% है। हम हमारी लागत पर कमोडिटी में उतार-चढ़ाव के प्रभाव का अनुमान लगा रहे हैं। हम पहले इंटरनली ही लागत में कटौती करने की कोशिश कर रहे हैं और फिर अंतिम उपाय के रूप में कीमतों में बढ़ोतरी करते हैं।'

महिंद्रा एंड महिंद्रा

महिंद्रा एंड महिंद्रा भी साल 2024 में अपने चार पहिया वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है। हालांकि, कीमत बढ़ोतरी के बारे में सटीक विवरण सामने नहीं आए हैं। कंपनी का कहना है कि महंगाई के कारण लागत में बढ़ोतरी हुई है।

ऑडी इंडिया

जर्मन लग्जरी कार निर्माता ऑडी ने पहले कहा था कि वह बढ़ती इनपुट और परिचालन लागत के चलते अगले साल जनवरी से भारत में अपने वाहनों की कीमतों में 2% तक बढ़ोतरी करेगी। ऑडी इंडिया ने कहा था कि कीमतों में बढ़ोतरी 1 जनवरी 2024 से प्रभावी होगी और यह पूरी मॉडल रेंज में होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Auto से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा