नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ शुरु हो गया। अभिभाषण में राष्ट्रपति राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि यह दशक भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इस दशक में, हमारी स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होंगे। मेरी सरकार के प्रयासों से पिछले पाँच वर्षों में इस दशक को भारत का दशक और इस सदी को भारत की सदी बनाने की मजबूत नींव रखी जा चुकी है
प्राप्त जानकारी के अनुसार बजट सत्र दो चरणों में होगा। पहला चरण 31 जनवरी से शुरू होकर 11 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद दूसरा चरण 2 मार्च से शुरू होकर 3 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान सरकार बजट के विभिन्न प्रावधानों को चर्चा के बाद पास कराने की कोशिश करेगी। निर्मला सीतारमण का बतौर वित्त मंत्री यह दूसरा बजट होगा। मई 2019 में चुनाव जीतने के बाद मोदी सरकार ने जुलाई में अपना पहला बजट पेश किया था।
आज पेश होगा 2019—20 का आर्थिक सर्वेक्षण
आम बजट से ठीक पहले संसदीय परंपरा के अनुसार वित्तमंत्री आज 2019—20 के लिए देश का आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। देश की विकास दर घटने और औद्योगिक उत्पादन घटने की खबरों के बीच इस बार के आर्थिक सर्वेक्षण पर सभी की नजरें होंगी।
