1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. बैंक कर्ज में 5.5 प्रतिशत की वृद्धि, जमा 11 फीसदी बढ़ा: आरबीआई आंकड़े

बैंक कर्ज में 5.5 प्रतिशत की वृद्धि, जमा 11 फीसदी बढ़ा: आरबीआई आंकड़े

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 14, 2020 09:24 pm IST,  Updated : Sep 14, 2020 09:24 pm IST

बैंक कर्ज 28 अगस्त को समाप्त पखवाड़े में सालाना आधार पर 5.49 प्रतिशत बढ़कर 102.11 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया जबकि बैंक जमा 10.92 प्रतिशत बढ़कर 141.76 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर रहा है।

बैंक कर्ज में 5.5...- India TV Hindi
बैंक कर्ज में 5.5 प्रतिशत की बढ़त Image Source : GOOGLE

नई दिल्ली। अगस्त के महीने में बैंकों के द्वारा कर्ज बांटने की रफ्तार के मुकाबले बैंकों में जमा की रफ्तार में तेजी देखने को मिली है। बैंक कर्ज 28 अगस्त को समाप्त पखवाड़े में सालाना आधार पर 5.49 प्रतिशत बढ़कर 102.11 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया जबकि बैंक जमा 10.92 प्रतिशत बढ़कर 141.76 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर रहा है। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार 30 अगस्त, 2019 को समाप्त हुए पखवाड़े में बैंकों का कर्ज 96.80 लाख करोड़ रुपये और जमा 127.80 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर था। इससे पहले, 14 अगस्त, 2020 को समाप्त हुए पखवाड़े में बैंक कर्ज 5.52 प्रतिशत बढ़कर 102.19 लाख करोड़ रुपये और जमा 11.04 प्रतिशत बढ़कर 140.80 लाख करोड़ रुपये थी।

रिजर्व बैंक के जुलाई 2020 के बैंक के कर्ज के आंकड़े के अनुसार सालाना आधार पर गैर-खाद्य कर्ज में जुलाई माह में 6.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। जबकि पिछले साल के इसी माह में गैर खाद्य कर्ज में 11.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। उद्योग को कर्ज में वृद्धि इस महीने के दौरान 0.8 प्रतिशत बढ़ा जबकि इससे पहले साल 2019 के इसी महीने में उद्योग को कर्ज में 6.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी। कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों को जुलाई महीने में दिये गये कर्ज में 5.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि एक साल पहले के इसी माह में खेती और खेती से जुड़ी गतिविधियों को दिए गए कर्ज में 6.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। आंकड़े के अनुसार सेवा क्षेत्र को दिए गए कर्ज में जुलाई 2020 में 10.1 प्रतिशत की बढ़त रही, जबकि एक साल पहले इसी महीने के दौरान इसमें 15.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। व्यक्तिगत कर्ज के मामले में इस अवधि के दौरान 11.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि जुलाई 2019 में इसमें 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। आंकड़े के अनुसार वाहन कर्ज में जुलाई 2020 में 8.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि एक साल पहले इसी महीने में इसमें 4.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा