1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Zomato ने खरीदा Uber Eats का भारतीय कारोबार, ऑनलाइन फूड डिलिवरी क्षेत्र में अब Swiggy से सीधी टक्कर

Zomato ने खरीदा Uber Eats का भारतीय कारोबार, ऑनलाइन फूड डिलिवरी क्षेत्र में अब Swiggy से सीधी टक्कर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 21, 2020 08:41 am IST,  Updated : Jan 21, 2020 12:10 pm IST

ऑनलाइन फूड डिलिवरी के क्षेत्र में बड़ी डील हुई है। देश की अग्रणी फूड डिलिवरी कंपनी जोमैटो ने अपनी प्रतिद्वंदी उबर ईट्स इंडिया का अधिग्रहण कर लिया है।

Zomato- India TV Hindi
Zomato Image Source :

नई दिल्‍ली। ऑनलाइन फूड डिलिवरी के क्षेत्र में बड़ी डील हुई है। देश की अग्रणी फूड डिलिवरी कंपनी जोमैटो ने अपनी प्रतिद्वंदी उबर ईट्स इंडिया का अधिग्रहण कर लिया है। जोमैटो ने ऊबर ईट्स का भारतीय कारोबार लगभग 35 करोड़ डॉलर यानी 2,485 करोड़ रुपए में खरीदा है। सूत्रों के के मुताबिक, उबर के पास अब सिर्फ 9.9 प्रतिशत शेयर होंगे। हालांकि, कंपनी के सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि यह अधिग्रहण केवल भारत में उबर ईट्स के लिए है। दुनिया के अन्य देशों में उबर ईट्स अपनी सेवाएं जारी रखेगा। कंपनी ने यह भी साफ किया है कि यह अनुबंध सिर्फ उबर ईट्स के लिए है, उबर कैब्स के लिए नहीं।

जोमैटो ने बयान में कहा कि ऊबर ईट्स भारत में परिचालन बंद करेगी और रेस्तरां, आपूर्ति भागीदारों और ऊबर ईट्स के ग्राहकों को मंगलवार से जोमैटो प्लेटफॉर्म से जोड़े जा रहे हैं। इंफो एज (इंडिया) ने बंबई शेयर बाजार को बताया कि लेनदेन पूरा होने पर उसकी जोमैटो में शेयर हिस्सेदारी घटकर 22.71 प्रतिशत रह जाएगी। इंफो एज  जोमैटो में एक शेयरधारक है।

जोमैटो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) दीपिंदर गोयल ने कहा कि हमें भारत के 500 से ज्यादा शहरों में ऑनलाइन खाने की डिलिवरी करने वाला व्यवसाय बनाने पर गर्व है। यह अधिग्रहण इस श्रेणी में हमारी स्थिति को मजबूत करेगा। ऊबर ईट्स के 41 शहरों में 26,000 रेस्तरां हैं। उसने भारत में 2017 में परिचालन शुरू किया था।

जोमैटो और ऊबर ईट्स के बीच महीनों से बातचीत जारी थी। जोमैटो और स्विगी से कड़ी प्रतिस्पर्धा में ऊबर ईट्स को नुकसान का सामना करना पड़ रहा था। ऊबर के सीईओ दारा खोसरोशाही ने बयान में कहा कि ऊबर के लिए भारत एक महत्वपूर्ण बाजार बना हुआ है और हम अपने यात्रा (कैब सेवा) कारोबार में निवेश करना जारी रखेंगे। हम जोमैटो की बेहतर पूंजी प्रबंधन के साथ तेजी से आगे बढ़ने की क्षमता से काफी प्रभावित हैं और आशा करते हैं कि वह सफलती हासिल करती रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा