1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 56 हजार के स्तर के पार पहुंचा सोना, चांदी में भी तेज उछाल दर्ज

56 हजार के स्तर के पार पहुंचा सोना, चांदी में भी तेज उछाल दर्ज

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Aug 05, 2020 08:23 pm IST,  Updated : Aug 05, 2020 08:30 pm IST

इस साल अबतक सोने में 40 फीसदी और चांदी में 50 फीसदी का रिटर्न

gold and silver price surge- India TV Hindi
gold and silver price surge Image Source : FILE

नई दिल्ली। विदेशी बाजारों में सोने और चांदी में भारी तेजी की वजह से घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज हुआ है। दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 1,365 रुपये की जोरदार तेजी के साथ 56,181 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। चांदी भी 5,972 रुपये के जबर्दस्त उछाल के साथ 72,726 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई जो मंगलवार को 66,754 रुपये पर बंद हुई थी। मंगलवार को सोने का बंद भाव 54,816 रुपये प्रति 10 ग्राम था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटी) तपन पटेल ने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय कीमतों में भारी तेजी आने के बाद दिल्ली में 24 कैरेट सोने की हाजिर कीमत में 1,365 रुपये की जोरदार तेजी आई।’’ अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी दर्शाता 2,032 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया जबकि चांदी का भाव 26.40 डॉलर प्रति औंस हो गया।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी और फॉरेन एक्सचेंज के प्रमुख किशोर नारने ने कहा‘ सोना और चांदी इस साल अब तक सबसे ज्यादा रिटर्न देने वाली सम्पत्ति है। इनमें इस साल क्रमश: 40 प्रतिशत और 50 प्रतिशत का मुनाफा मिला है।’’ उनका कहना है कि केंद्रीय बैंकों की उदार मौद्रिक नीति, अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर का टेंशन और कोराना वायरस के चलते वैश्विक अर्थव्यवस्था की गति को लेकर व्यापार चिंता जैसी वजहों से दोनों महंगी धातुओं का बाजार लगातार चढ़ रहा है। पटेल ने कहा, ‘‘डॉलर कमजोर होने तथा कोविड-19 के बढ़ते मामलों को लेकर आर्थिक वृद्धि दर को लेकर चिंताओं के बढ़ने के कारण सोने की कीमत एक नई ऊंचाई पर पहुंच गयी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा