1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. HDFC बैंक को पहली तिमाही में हुआ 6659 करोड़ रुपए का लाभ, NPA में आई गिरावट

HDFC बैंक को पहली तिमाही में हुआ 6659 करोड़ रुपए का लाभ, NPA में आई गिरावट

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 18, 2020 02:52 pm IST,  Updated : Jul 18, 2020 02:52 pm IST

शुद्ध एनपीए 0.43 प्रतिशत (3567.18 करोड़) से घटकर 0.33 प्रतिशत (3279.96 करोड़) रह गया।

HDFC Bank Q1 profit rises 20 pc to Rs 6,659 cr- India TV Hindi
HDFC Bank Q1 profit rises 20 pc to Rs 6,659 cr Image Source : GOOGLE

नई दिल्‍ली। एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को बताया कि चालू वित्‍त वर्ष की पहली तिमाही में उसका लाभ 19.6 प्रतिशत उछलकर 6,658.62 करोड़ रुपए रहा। देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंक को अप्रैल-जून 2019-20 तिमाही में 5,568.16 करोड़ रुपए का शुद्ध एकीकृत लाभ हुआ था।

वित्‍त वर्ष 2020-21 की जून तिमाही में बैंक की आय बढ़कर 34,453.28 करोड़ रुपए रही, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 32,361.84 करोड़ रुपए थी। बैंक की संपत्ति गुणवत्‍ता में भी सुधार आया है। एचडीएफसी का एनपीए 30 जून, 2020 को समाप्‍त तिमाही के दौरान घटकर 1.36 प्रतिशत रह गया, जो जून, 2019 में 1.40 प्रतिशत था।

मूल्‍य के आधार पर बैंक का सकल एनपीए या तनावग्रस्‍त ऋण 11,768.95 करोड़ रुपए से बढ़कर 13,773.46 करोड़ रुपए हो गया। वहीं इसके विपरीत शुद्ध एनपीए 0.43 प्रतिशत (3567.18 करोड़) से घटकर 0.33 प्रतिशत (3279.96 करोड़) रह गया।

अप्रैल-जून 2020 तिमाही में बैंक ने बैड लोन और आपात स्थितियों के लिए 3,891.52 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 2613.66 करोड़ रुपए था। समेकित आधार पर बैंक को समीक्षाधीन अवधि में शुद्ध लाभ 22 प्रतिशत बढ़कर 6927.24 करोड़ रुपए रहा, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 5676.06 करोड़ रुपए था। समेकित आय भी बढ़कर 36698.59 करोड़ रुपए रही, जो पिछले साल की समान तिमाही में 34,324.45 करोड़ रुपए थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा