1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने की चल रही है जंग, अपने प्रतिद्वंदी से आगे निकलने के ये हैं आसान तरीके

ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने की चल रही है जंग, अपने प्रतिद्वंदी से आगे निकलने के ये हैं आसान तरीके

 Written By: Dharmender Chaudhary
 Published : May 04, 2016 07:51 am IST,  Updated : May 04, 2016 07:59 am IST

बिजनेस में प्रतियोगिता (प्रतिद्वंदी) हमेशा अच्‍छी होती है। यदि आप अपने क्षेत्र में अकेले खिलाड़ी हैं तो यह अपने आप में सुधार के लिए मुश्किल हो सकता है।

Idea of Success: ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने की चल रही है जंग, कॉम्पिटिटर से आगे निकलने के ये हैं तरीके- India TV Hindi
Idea of Success: ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने की चल रही है जंग, कॉम्पिटिटर से आगे निकलने के ये हैं तरीके

नई दिल्‍ली। किसी भी बिजनेस में प्रतियोगिता हमेशा अच्‍छी होती है। यदि आप अपने क्षेत्र में अकेले खिलाड़ी हैं तो यह अपने आप में सुधार के लिए मुश्किल हो सकता है। यहां यह मान लेते हैं कि आपकी प्रतियोगिता आपसे कही ज्‍यादा मजबूत खिलाड़ी से है। यहां यह भी मान लेते हैं कि आपका प्रोडक्‍ट भी आपके प्रतिद्वंदी के समान ही है। जब प्रतिद्वंदी के समान ही आपका प्रोडक्‍ट है तब कैसे आप अपने आप को अलग करेंगे। इस लेख में हम इसी पर चर्चा करेंगे। चलिए हम यहां आपको एक उदाहरण देते हैं, जिससे आप आसानी से समझ सकें। गूगल और बिंग दोनों सर्च इंजन है और उनका यूजर अनुभव भी एक समान ही है। वेबसाइट को रैंक करने के लिए ये दोनों ही समान संकेतकों का इस्‍तेमाल करते हैं। हम सब यह जानते हैं कि वर्तमान में बिंग गूगल से काफी पीछे है। अब मान लीजिए आप बिंग हैं और आपका प्रतियोगी गूगल है। ऐसे में आप कैसे अपने प्रतियोगी से उसके ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करेंगे। ऐसा करने के लिए हम यहां आपको कुछ उपाय बताने जा रहे हैं।

अपने प्रतियोगी की तुलना में कुछ बेहतर बनाएं

आपका शक्तिशाली प्रतियोगी अछूत नहीं है। आपके सबसे बड़े प्रतियोगी के पास बेहतर प्रोडक्‍ट है संभवता यह एक मिथक हो सकता है। वास्‍तव में, हम पहले भी कई बार ऐसा देख चुके हैं, मायस्‍पेस वेब पर सबसे ज्‍यादा विजिट होने वाली साइट थी और फेसबुक से पहले यह सबसे बड़ी सोशल साइट हुआ करती थी। आज क्‍या आप मायस्‍पेस का नाम कहीं सुनते हैं। मायस्‍पेस जैसी इतनी बड़ी सोशल साइट कैसे बिना कोई नोटिस दिए खत्‍म हो सकती है। ऐसा हुआ क्‍योंकि फेसबुक ने मायस्‍पेस से बेहतर प्रोडक्‍ट बनाया। इसलिए फेसबुक अब दुनिया में सबसे ज्‍यादा विजिट होने वाली वेबसाइट है और 1.59 अरब मासिक एक्टिव यूजर्स के साथ यह सबसे बड़ी सोशल साइट है। यह कहना गलत होगा कि फेसबुक बेहतर गुणवत्‍ता ऑफर करती है। हां, वेब यूजर्स फेसबुक को भी छोड़ सकते हैं यदि यहां उससे बेहतर सोशल साइट उपलब्‍ध हो। इसलिए, ऐसा कुछ सोचिए जो आपके प्रतियोगी से कुछ बेहतर हो सकता हो। आप देखेंगे कि बहुत से ग्राहक आपके पास आ जाएंगे।

अपने प्रोडक्‍ट आसानी से उपयोग और समझने वाला बनाएं 

यदि आप अपने ग्राहक को केवल दो सेकेंड में अपने प्रोडक्‍ट को समझा सकते हैं, तो समझिए जीत आपके हाथ में है। वेब पर बहुत से ऐसे प्रोडक्‍ट हैं जिनका उपयोग करना और उन्‍हें समझना बहुत ही मुश्किल है। यदि आप बहुत बड़े बाजार पर कब्‍जा करना चाहते हैं तो आपको अपना प्रोडक्‍ट इतना सरल बनाना होगा कि 10 साल का बच्‍चा भी आसानी से समझ जाए कि इसे कैसे उपयोग करना है। उदाहरण के लिए Slack को देखिए, बहुत ही कम समय में यह सफल हो गया है क्‍योंकि उनका यूजर अनुभव बहुत ही बेहतरीन है और इसे कोई भी उपयोग कर सकता है। यदि आपके प्रतिद्वंदी के पास समान प्रोडक्‍ट है तो आपको अपना डिजाइन बहुत ही आसान और कूल बनाने पर ध्‍यान देना चाहिए। यहां आपका डिजाइन ही प्रमुख हथियार होगा।    

बेहतर ग्राहक सेवा जरूरी

किसी भी बिजनेस का आधार ग्राहक होता है। यदि आपके वर्तमान ग्राहक आपसे खुश हैं, तो यहां ऐसे अवसर बहुत ज्‍यादा हैं कि वह अपने परिवार और दोस्‍तों को आपके प्रोडक्‍ट के बारे में बताएंगे। इसलिए आपको जानकार ग्राहक सेवा प्रतिनिधियों की आवश्‍यकता होती है जो ग्राहकों को बेहतर ढंग से संभाल सकते हैं। आपका ग्राहक सेवा प्रतिनिधि वह व्‍यक्ति होता है जो आपके ग्राहक से रोजाना आधार पर बातचीत करता है। आपका बड़ा और स्‍थापित प्रतिद्वंदी बेहतर ग्राहक सेवा उपलब्‍ध कराने में मुश्किल का सामना कर सकता है क्‍योंकि उनके पास अधिक ग्राहक हैं। यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां आप तेजी से आगे बढ़कर अपने प्रतिद्वंदी को पछाड़ सकते हैं, फि‍र भले ही आपके प्रोडक्‍ट एक जैसे क्‍यों न हों। ग्राहक हमेशा उन कंपनियों के पास जाते हैं जो उनके साथ अच्‍छा व्‍यवहार करती हैं और उन्‍हें विशेष अनुभव कराती हैं। अच्‍छी ग्राहक सेवा प्रदान कर आप अपनी ग्राहक अधिग्रहण लागत को भी कम कर सकते हैं।

चैरिटेबल बनें

आजकल लोग ऐसी कंपनी का हिस्‍सा बनना चाहते हैं जो समाज को कुछ वापस करती हो। चैरिटेबल बनना आपके बिजनेस को ग्राहकों के और अधिक नजदीक पहुंचाता है। आपकी कंपनी कैसे उदार हो सकती है ऐसे रास्‍तों के बारे में सोचिए। यदि आपका प्रतिद्वंदी वर्तमान में उदार है, तो ऐसे रास्‍तों के बारे में सोचिए जो आपको उससे आगे लेकर जाए। आपको अपनी कंपनी का नाम अधिक लोगों के मन तक पहुंचाने की जरूरत है। उदार होने के नाते आप अपने आप को लाइमलाइट में बनाकर रख सकते हैं। मीडिया में आपकी खबरें आने से आपको फ्री में प्रचार भी मिलेगा।

आपके प्रतिद्वंदी के बारे में लोग क्‍या कह रहे है इसका उपयोग अपने प्रोडक्‍ट को बेहतर बनाने में करें

सोशल मीडिया के बढ़ने से यह देखना आसान हो गया है कि आपके प्रतिद्वंदी के बारे में लोग क्‍या कह  रहे हैं। जब आप सोशल मीडिया पर अपने प्रतिद्वंदी को फोलो करते हैं तो आप यहां दो चीजें देख सकते हैं: आप यहां अपने प्रतिद्वंदी के खिलाफ एक असंतोष देखेंगे और आप यहां लोगों द्वारा आपके प्रतिद्वंदी के बारे में कही गई अच्‍छी बातों को भी देख सकते हैं। आपको यहां पहले वाली बातों पर ज्‍यादा ध्‍यान देना चाहिए। जब आप देखते हैं कि कोई आपके प्रतिद्वंदी के प्रोडक्‍ट के बारे में शिकायत कर रहा है, तो आपको अपना प्रोडक्‍ट बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए।

अपने ऑफर्स का विस्‍तार करें

अपने समान प्रतिद्वंदी से मुकाबला करने के लिए आपको अपने स्‍वयं के ऑफर्स की क्‍वालिटी को सुधारना होगा। आप अपने प्रतिद्वंदी के सामने बहुत छोटे हो, ऐसे में आप ट्रेंड और इंडस्‍ट्री में होने वाले बदलाव पर ज्‍यादा तेजी से प्रतिक्रिया कर सकते हैं, लेकिन आपके बड़े प्रतिद्वंदी को इस पर प्रतिक्रिया देने में समय लगेगा। कुछ मूल्‍यवान और पूरक उत्‍पादों के बारे में सोचे, जिन्‍हें आप अपने ऑफर में शामिल कर सकते हैं। यह आपके बिजनेस को ग्राहकों के लिए तुरंत ही आकर्षक बनाने में मददगार होगा। एक समान प्रोडक्‍ट वाले प्रतिद्वंदी से मुकाबला किया जा सकता है, इसके लिए बस आपको रचनात्‍मक ढंग से प्रतियोगिता करनी होगी।    

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा