1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कोरोना संकट की वजह से मार्च में देश का कुल निर्यात 35 प्रतिशत गिरा

कोरोना संकट की वजह से मार्च में देश का कुल निर्यात 35 प्रतिशत गिरा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 15, 2020 08:59 pm IST,  Updated : Apr 15, 2020 08:59 pm IST

मार्च के दौरान आयात पिछले साल के 31.16 अरब डॉलर से घट कर 28.72 अरब डॉलर पर आ गया

India March Export- India TV Hindi
India March Export

नई दिल्ली। भारत का निर्यात मार्च महीने में 34.57 प्रतिशत गिरकर 21.41 अरब डॉलर पर आ गया। वाणिज्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों से इसकी जानकारी मिली। आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान देश का निर्यात 4.78 प्रतिशत गिरकर 314.31 अरब डॉलर पर आ गया।

मार्च के माह में व्यापार घाटा साल भर पहले के 11 अरब डॉलर से कम होकर 9.76 अरब डॉलर पर आ गया। वहीं वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान व्यापार घाटा 2018-19 के 184 अरब डॉलर से कम होकर 152.88 अरब डॉलर पर आ गया। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि वैश्विक स्तर पर पहले से कायम नरमी के बीच कोरोना वायरस महामारी के संकट के कारण निर्यात में गिरावट आयी है। कोरोना वायरस महामारी के कारण आपूर्ति श्रृंखला में बाधाएं आयी हैं तथा मांग कम हुई है। इससे निर्यात के ऑर्डर रद्द हुए हैं।

वहीं मार्च महीने के दौरान आयात पिछले साल के 31.16 अरब डॉलर से घट कर 28.72 अरब डॉलर पर आ गया। जबकि पूरे वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान यह 9.12 प्रतिशत गिरकर 467.19 अरब डॉलर रहा। बयान के अनुसार, माल एवं सेवाओं समेत 2019-20 में भारत का कुल निर्यात 1.36 प्रतिशत कम होकर 528.45 अरब डॉलर रहने का अनुमान है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा