1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 4जी स्पीड के मामले में नवंबर में कौन सी कंपनी रही टॉप पर, जारी हुए आंकड़े

4जी स्पीड के मामले में नवंबर में कौन सी कंपनी रही टॉप पर, जारी हुए आंकड़े

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Dec 16, 2020 05:58 pm IST,  Updated : Dec 16, 2020 05:59 pm IST

ट्राई के ताजा आंकड़ों के मुताबिक नवंबर में 4जी स्पीड में डेटा डाउनलोड के लिहाज से 20.8 मेगाबाइट प्रति सेंकेड (एमबीपीएस) के साथ रिलायंस जियो सबसे आगे रही, डाउनलोड में अपने नजदीकी प्रतिस्पर्धी वोडाफोन के मुकाबले जियो की स्पीड दोगुनी से अधिक थी।

डेटा स्पीड में कौन है...- India TV Hindi
डेटा स्पीड में कौन है नंबर 1 Image Source : GOOGLE

नई दिल्ली। नवंबर के महीने में इंटरनेट स्पीड के मामले में जियो जहां डाउनलोडिंग में सबसे आगे रहा वहीं अपलोडिंग में उसे वोडाफोन ने पीछे छोड़ दिया। डेटा डाउनलोड में जहां जियो ने अन्य कंपनियों से अच्छी खासी बढ़त रखी है तो वहीं डेटा अपलोड करने में जियो सबसे पीछे रहा। जानिए ट्राई के द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक कंपनियों का नवंबर में क्या रहा प्रदर्शन

कौन है डेटा डाउनलोड में नंबर 1

दूरसंचार नियामक ट्राई के ताजा आंकड़ों के मुताबिक नवंबर में 4जी स्पीड में डेटा डाउनलोड के लिहाज से 20.8 मेगाबाइट प्रति सेंकेड (एमबीपीएस) के साथ रिलायंस जियो सबसे आगे रही, डाउनलोड में अपने नजदीकी प्रतिस्पर्धी वोडाफोन के मुकाबले जियो की स्पीड दोगुनी से अधिक थी। वोडाफोन और आइडिया सेल्युलर ने अपने मोबाइल कारोबार का वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के रूप में विलय कर दिया है, लेकिन भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) अभी भी दोनों कंपनियों के नेटवर्क स्पीड के आंकड़े अलग-अलग जारी कर रहा है। ट्राई के आंकड़ों के अनुसार वोडाफोन ने नवंबर में 9.8 एमबीपीएस की डाउनलोड स्पीड दर्ज की। इसके बाद आइडिया और भारती एयरटेल ने क्रमशः 8.8 एमबीपीएस और आठ एमबीपीएस की डाउनलोड स्पीड दी। यानि डाउनलोडिंग के मामलें में जियो न केवल नंबर एक पर है साथ ही वह बाकी कंपनियों से स्पीड के मामले में काफी आगे भी है।

कौन है डेटा अपलोड में सबसे आगे

डाउनलोड से अलग अपलोड स्पीड में नवंबर के दौरान 6.5 एमबीपीएस के साथ वोडाफोन दूसरी कंपनियों से आगे रही है। इसके बाद आइडिया ने 5.8 एमबीपीएस, एयरटेल ने चार एमबीपीएस और जियो ने 3.7 एमबीपीएस की अपलोड स्पीड दी। डाउनलोड स्पीड से उपभोक्ताओं को इंटरनेट से कंटेंट तक पहुंचने में मदद मिलती है, जबकि अपलोड स्पीड से उन्हें चित्र, वीडियो जैसे अपने कंटेंट को दूसरों तक भेजने में मदद मिलती है। यानि कंटेंट तक पहुंच बनाने में जियो आगे हैं वहीं अपने कंटेट को दूसरों तक तेजी के साथ भेजने में वोडाफोन आपके लिए ज्यादा मददगार है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा