नई दिल्ली। देश में 4जी डाटा की डाउनलोड स्पीड के लिहाज से रिलायंस जियो का दबदबा लगातार 11वें महीने कायम रहा है। कंपनी के नेटवर्क पर डाउनलोड स्पीड नवंबर महीने में 25.6 एमबीपीएस रिकॉर्ड की गई। दूरसंचार नियामक ट्राई के ताजा आकड़ों के अनुसार नवंबर महीने में दूसरी कंपनियों के मुकाबले जियो की 4जी डाउलनोड स्पीड ढाई गुना से भी अधिक रही। इस खंड में जियो का दबदबा लगातार 11वें महीने जारी रहा है।
Related Stories
ट्राई के आकंड़ों के अनुसार नवंबर महीने में वोडाफोन के नेटवर्क पर डाउनलोड स्पीड 10.0 एमबीपीएस व भारती एयरटेल के 4जी नेटवर्क पर 9.8 एमबीपीएस रही। इस लिहाज से आइडिया 7.0 एमबीपीएस स्पीड के साथ चौथे स्थान पर रही। अक्टूबर में जियो ने 21.8 एमबीपीएस की सर्वाधिक स्पीड दर्ज की थी।
जहां तक 3जी नेटवर्क पर डाउनलोड स्पीड का सवाल है तो नवंबर महीने में वोडाफोन के नेटवर्क पर यह 2.7 एमबीपीएस व एयरटेल के नेटवर्क पर 2.5 एमबीपीएस रही। ट्राई अपनी माईस्पीड एप्लीकेशन की मदद से रियल-टाइम आधार पर डाटा डाउनलोड स्पीड के आंकड़े एकत्रित करती है और उनका तुलनात्मक अध्ययन करती है।
अपलोड स्पीड के मामले में नवंबर में वोडाफोन आइडिया से आगे निकल गई। वोडाफोन की स्पीड 6.9 एमबीपीएस रही। आइडिया की स्पीड 6.6 एमबीपीएस दर्ज की गई। जियो की अपलोड स्पीड 4.9 एमबीपीएस रही। एयरटेल की अपलोड स्पीड 4 एमबीपीएस की रही। अक्टूबर में अपलोड स्पीड के मामले में आइडिया 7.1 एमबीपीएस के साथ टॉप पर थी।