1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. जियोफोन की प्री-बुकिंग कल से होगी शुरू, 500 रुपए के भुगतान के साथ ऐसे करवाया जा सकेगा बुक

जियोफोन की प्री-बुकिंग कल से होगी शुरू, 500 रुपए के भुगतान के साथ ऐसे करवाया जा सकेगा बुक

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Aug 23, 2017 08:27 pm IST,  Updated : Aug 23, 2017 08:27 pm IST

रिलायंस जियो के चर्चित जियोफोन की प्री-बुकिंग गुरुवार की शाम से शुरू होगी। कंपनी इस फोन के जरिए देश के लगभग 50 करोड़ फीचर फोन यूजर्स को लक्ष्य बना रही है।

जियोफोन की प्री-बुकिंग कल से होगी शुरू, 500 रुपए के भुगतान के साथ ऐसे करवाया जा सकेगा बुक- India TV Hindi
जियोफोन की प्री-बुकिंग कल से होगी शुरू, 500 रुपए के भुगतान के साथ ऐसे करवाया जा सकेगा बुक

नई दिल्‍ली। नई टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो के चर्चित जियोफोन की प्री-बुकिंग गुरुवार की शाम से शुरू होगी। कंपनी इस फोन के जरिए देश के लगभग 50 करोड़ फीचर फोन यूजर्स को लक्ष्य बना रही है। कंपनी हर हफ्ते 50 लाख जियोफोन की आपूर्ति का लक्ष्य लेकर चल रही है।

कंपनी के सूत्रों का कहना है कि जियोफोन की बुकिंग 24 अगस्त शाम पांच बजे शुरू होगी। फोन की प्री-बुकिंग 500 रुपए के भुगतान के साथ कंपनी की वेबसाइट व एप मायजियो तथा रिलायंस डिजिटल आदि स्टोर पर की जा सकती है। कंपनी ने इस फोन की कीमत जमानत राशि के रूप में 1500 रुपए रखी है। प्री-बुकिंग के समय 500 रुपए जमा करवाने होंगे, जबकि बाकी 1000 रुपए फोन मिलने पर अदा करने होंगे।

कंपनी का कहना है कि अगर कोई ग्राहक तीन साल यानी 36 महीने बाद जियोफोन लौटाता है तो उसे 1500 रुपए लौटा दिए जाएंगे। इस तरह से जियोफोन की प्रभावी कीमत शून्य रुपए रहेगी। कंपनी के अनुसार 4जी प्रौद्योगिकी वाला उसका यह हैंडसेट भारत में, भारतीयों द्वारा व भारतीयों के लिए बनाया गया है। रिलायंस जियो के ग्राहक जियोफोन के जरिए 153 रुपए मासिक में अनलिमिटेड डेटा का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके साथ ही कंपनी ने 53 रुपए का साप्ताहिक प्लान व 23 रुपए में दो दिन का प्लान भी पेश किया है।

कंपनी के ग्राहकों के लिए वायस कॉल हमेशा के लिए नि:शुल्क है। सूत्रों के अनुसार जियोफोन की प्री-बुकिंग को लेकर लोगों के उत्सुकता को देखते हुए उसने ऑफलाइन व ऑनलाइन बंदोबस्त किए हैं। उल्लेखनीय है कि 21 जुलाई को हुई रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना आम बैठक में इस फोन की घोषणा की गई थी। कंपनी का कहना है कि फोन की आपूर्ति पहले आओ पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। सूत्रों के अनुसार फोन की आपूर्ति सितंबर के पहले पखवाड़े में शुरू होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा