1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. प्रधानमंत्री मोदी ने दिया इलेक्ट्रिक वाहनों में निवेश बढ़ाने पर जोर, ऑटो सेक्‍टर को दिया 7सी का फॉर्मूला

प्रधानमंत्री मोदी ने दिया इलेक्ट्रिक वाहनों में निवेश बढ़ाने पर जोर, ऑटो सेक्‍टर को दिया 7सी का फॉर्मूला

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 07, 2018 03:39 pm IST,  Updated : Sep 07, 2018 03:39 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को परिवहन क्षेत्र में एक नई कार्ययोजना पेश की, जिसमें इलेक्ट्रिक वाहनों के विनिर्माण में निवेश और यात्रा के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

PM Modi- India TV Hindi
PM Modi Image Source : PM MODI

नई दिल्‍ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को परिवहन क्षेत्र में एक नई कार्ययोजना पेश की, जिसमें इलेक्ट्रिक वाहनों के विनिर्माण में निवेश और यात्रा के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जाम और भीड़भाड़ से पर्यावरण और अर्थव्यवसथा को होने वाले नुकसान को कम करने के लिए जाम मुक्त परिवहन व्यवस्था काफी महत्वपूर्ण है। 

उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है, जहां 100 स्मार्ट शहरों का निर्माण हो रहा है। सड़कों, हवाईअड्डों, रेलवे लाइन और बंदरगाहों का पहले से तेज गति से निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने वैश्विक मोबिलिटी शिखर सम्मेलन ‘मूव’ का उद्घाटन करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए स्वच्छ ऊर्जा से चलने वाली साफ-सुथरी परिवहन व्यवस्था सबसे शक्तिशाली हथियार हो सकती है। 

मोदी ने कहा कि हमें स्वच्छ किलोमीटर का विचार आगे बढ़ाना चाहिए। प्रदूषण रहित स्वच्छ परिवहन व्यवस्था से हमारा वातावरण, हवा साफ होगी और हमारे लोगों का रहन सहन स्तर भी बेहतर होगा। उन्होंने देश में गतिशीलता को लेकर कहा कि भविष्य में आवागमन के साधनों को लेकर मेरी सोच सात ‘सी’ पर आधारित है। ये सात ‘सी’ हैं- कॉमन (साझा), कनेक्टेड (जुड़ा हुआ), कन्विनिएंट (सुविधाजनक), कंजेशन- फ्री (जाम मुक्त), चार्ज्‍ड (चार्ज किया हुआ), क्लीन (स्वच्छ), कटिंग एज (अत्याधुनिक)। 

मोदी ने कहा कि हमारी सोच अब कारों से आगे की होनी चाहिए। कारों से निकलकर दूसरे वाहनों के बारे में हमें सोचना चाहिए जैसे कि ऑटो और रिक्शा को हमें देखना चाहिए। हमारी आवागमन सुविधा पहल में साझा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अहम होनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने निजी वाहनों का बेहतर इस्तेमाल किए जाने पर भी जोर दिया। उन्होंने निजी वाहनों में लोगों को सामूहिक तौर पर यात्रा करने की संभावनाओं को तलाशने पर जोर दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा