1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पेट्रोल-डीजल के दामों में गिरावट का सिलसिला 6 दिन बाद टूटा, कच्चे तेल के दामों में नरमी

पेट्रोल-डीजल के दामों में गिरावट का सिलसिला 6 दिन बाद टूटा, कच्चे तेल के दामों में नरमी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 05, 2019 09:53 am IST,  Updated : Jun 05, 2019 09:55 am IST

पिछले 6 दिनों में देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 63 पैसे प्रति लीटर की कमी हुई, जबकि डीजल के दाम में उपभोक्ताओं को 1.13 पैसे प्रति लीटर की राहत मिली।

Petrol rates today | PTI File- India TV Hindi
Petrol rates today | PTI File

नई दिल्ली: पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार 6 दिनों से जारी गिरावट बुधवार को थम गई। पिछले 6 दिनों में देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 63 पैसे प्रति लीटर की कमी हुई, जबकि डीजल के दाम में उपभोक्ताओं को 1.13 पैसे प्रति लीटर की राहत मिली। आपको बता दें कि बीते कुछ दिनों से अटकलें थीं कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी की वजह से पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ेंगी, लेकिन इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रम कुछ ऐसा हुआ की कच्चे तेल के दामों में नरमी आ गई।

जहां तक भारत की बात है, तेल विपणन कंपनियों ने बुधवार को पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम पूर्ववत क्रमश: 71.23 रुपये, 73.47 रुपये, 76.91 रुपये और 74.01 रुपये प्रति लीटर रहे। डीजल के दाम भी चारों महानगरों में यथावत क्रमश: 65.56 रुपये, 67.48 रुपये, 68.76 रुपये और 69.36 रुपये प्रति लीटर रहे।

उधर, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव में फिर नरमी आई है। अंतराष्ट्रीय वायदा बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज पर बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड के अगस्त डिलीवरी अनुबंध में बुधवार को पिछले सत्र के मुकाबले 0.37 फीसदी की कमजोरी के साथ 61.74 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा