1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पेट्रोल-डीजल के दामों की बढ़ोतरी जारी, आज पेट्रोल 27 पैसे और डीजल 18 पैसे हुआ महंगा

पेट्रोल-डीजल के दामों की बढ़ोतरी जारी, आज पेट्रोल 27 पैसे और डीजल 18 पैसे हुआ महंगा

 Written By: India TV Business Desk
 Published : Sep 22, 2019 02:51 pm IST,  Updated : Sep 22, 2019 02:51 pm IST

सऊदी अरब के तेल संयंत्रों पर हमले के बाद से दुनिया भर में कच्चे तेल के बाजार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इसके चलते लगातार पिछले छह दिन में दिल्ली में पेट्रोल के दाम 1.59 रुपए लीटर और डीजल के 1.31 रुपए लीटर चढ़ चुके हैं।

Petrol, Diesel price- India TV Hindi
Petrol, Diesel price

नयी दिल्ली। सऊदी अरब के तेल संयंत्रों पर हमले के बाद से दुनिया भर में कच्चे तेल के बाजार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। इसके चलते लगातार पिछले छह दिन में दिल्ली में पेट्रोल के दाम 1.59 रुपए लीटर और डीजल के दाम 1.31 रुपए लीटर चढ़ चुके हैं। रविवार को दिल्ली में पेट्रोल कीमतों में 27 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई। इससे अब दिल्ली में पेट्रोल 73.62 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच चुका है। वहीं दिल्ली में डीजल कीमतों में 18 पैसे लीटर की और वृद्धि हुई है। इस तरह दिल्ली में डीजल 66.74 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच चुका है। 

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम बढ़कर क्रमश: 73.62 रुपए, 76.32 रुपए, 79.29 रुपए और 76.52 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं। चारों महानगरों में डीजल के दाम भी बढ़कर क्रमश: 66.74 रुपए, 69.15 रुपए, 70.01 रुपए और 70.56 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं। दिल्ली में 27 नवंबर 2018 को पेट्रोल का भाव 74.07 रुपए प्रति लीटर था। 

सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों की अधिसूचना के अनुसार ईंधन के दामों में लगातार छठे दिन बढ़ोतरी हुई है। 17 सितंबर से पेट्रोल के दामों में कुल 1.59 रुपए लीटर की वृद्धि हुई है। वहीं इस दौरान डीजल 1.31 रुपए लीटर महंगा हुआ है। सऊदी अरामको के संयंत्रों पर ड्रोन हमलों के बाद से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति में पांच प्रतिशत की कमी आई है। हालांकि, सऊदी अरब ने कहा है कि वह आपूर्ति को जल्द सामान्य कर लेगा, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इस झटके का असर वैश्विक बाजारों पर कई वर्ष तक दिखाई देगा। 

सऊदी अरब द्वारा भारत को हर महीने 20 लाख टन कच्चे तेल की आपूर्ति की जाती है। सितंबर माह के लिए इसमें से 12 से 13 लाख टन की आपूर्ति मिल चुकी है। शेष आपूर्ति भी जल्द मिलने की उम्मीद है। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सऊदी अरब के पेट्रोलियम मंत्री से भी इस बारे में बात की है। सऊदी अरब ने भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति कायम रखने का भरोसा दिलाया है। 

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पिछले कुछ सत्रों से कच्चे तेल का भाव सीमित दायरे में रहा, लेकिन बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड का नवंबर डिलीवरी अनुबंध इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज पर बीते कारोबारी सप्ताह के आखिरी सत्र में शुक्रवार को पिछले सप्ताह के मुकाबले करीब साढ़े चार डॉलर प्रति बैरल की बढ़त के साथ 64.63 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ, जबकि सप्ताह के पहले कारोबारी सत्र में सोमवार को ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 20 फीसदी की जोरदार तेजी के साथ 71.95 डॉलर प्रति बैरल तक चला गया था, हालांकि बाद में ऊंचे भाव पर मुनाफावसूली हावी होने से 14.61 फीसदी की बढ़त के साथ 69.02 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा