1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. ब्रिटेन में टाटा स्टील के कारखाने को खरीदना चाहते हैं संजीव गुप्ता

ब्रिटेन में टाटा स्टील के कारखाने को खरीदना चाहते हैं संजीव गुप्ता

 Written By: Surbhi Jain
 Published : Apr 04, 2016 09:52 am IST,  Updated : Apr 04, 2016 12:02 pm IST

ब्रिटेन के स्टील कारोबारी संजीव गुप्ता ने टाटा स्टील के पोर्ट टालबोट स्टील कारखाने को खरीदने में रुचि दिखाई है। ब्रिटेन सरकार करेगी प्लांट्स की मदद।

ब्रिटेन में टाटा स्टील के कारखाने को खरीदना चाहते हैं संजीव गुप्ता, ब्रिटिश सरकार करेगी संकटग्रस्त प्लांटों की मदद- India TV Hindi
ब्रिटेन में टाटा स्टील के कारखाने को खरीदना चाहते हैं संजीव गुप्ता, ब्रिटिश सरकार करेगी संकटग्रस्त प्लांटों की मदद

लंदन। ब्रिटेन में स्थापित स्टील कारोबारी संजीव गुप्ता ने टाटा स्टील के पोर्ट टालबोट स्टील कारखाने को खरीदने में रुचि दिखाई है। इस बीच ब्रिटेन सरकार ने घरेलू स्टील इंडस्ट्री को संकट से उबारने और उनमें लगे लोगों की नौकरियां बचाने के लिए सार्वजनिक निकायों को घरेलू स्टील का इस्तेमाल करने को प्रोत्साहित करने का फैसला किया है। गौरतलब है कि टाटा स्टील अपने यूरोपीय कारोबार में सस्ते आयातित उत्पादों के सामने मांग की कमी और कीमतों में गिरावट को लेकर भारी घाटे में है और ब्रिटेन में अपने कारखानों को बेचना चाहती है। ब्रिटेन का पोर्ट लाबोट कारखाना करीब 4,000 लोगों को नौकरी दिए हुए है और देश के प्रमुख नियोक्ताओं में एक है।

गुप्ता खरीदें टाटा स्टील का यूरोपीय कारोबार

लिबर्टी हाउस के संस्थापक 44 वर्षीय गुप्ता ने कहा है कि वह टाटा के कारखाने को बचाने के लिए ब्रिटेन सरकार से बात करने को तैयार हैं। उनका समूह स्टील, कमोडिटी और जमीन जायदाद के कारोबार में है। इससे पहले ब्रिटेन के कुछ कारखानों को उबाने में योगदान कर चुका है। अखबार की रिपोर्ट के अनुसार गुप्ता कल दुबई से लौट कर ब्रिटेन सरकार और टाटा समूह के अधिकारियों के उनके प्रस्तावों पर बातचीत करेंगे। अखबार के अनुसार पोर्ट टालबोट प्लांट के बारे में पूछे जाने पर गुप्ता ने कहा, हमें इसमें सरकार की ओर से समुचित भागीदारी की जरूरत पड़ेगी। मुझे अभी इस समय नहीं पता कि इसके लिए क्या जरूरत होगी। हमने चर्चा शुरू की है, हम टाटा के साथ चर्चा शुरू करने की प्रक्रिया में है। उन्होंने उक्त कारखाने के लिए सरकार के सामने शुरुआती प्रस्ताव रखा है।

ब्रिटिश सरकार करेगी संकटग्रस्त प्लांटों की मदद

ब्रिटेन ने अपनी सरकारी खरीद नीति में संशोधन किया है ताकि सार्वजनिक क्षेत्र के निकायों को देश में बने इस्पात की खरीद के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। ब्रिटेन के कारोबार मंत्री साजिद जाविद ने कहा कि वह ब्रिटेन के इस्पात उद्योग का भविष्य मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस उद्योग के श्रमिकों की मदद का कोई रास्ता निकालेंगे। पाकिस्तान मूल के जाविद ने कहा, इन बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए सामान की खरीद के नियम बदल कर हम ब्रिटेन के इस्पात उद्योग का भविष्य बचा रहे हैं। इससे ब्रिटेन के आपूर्तिकर्ताओं के लिए अवसर बढ़ेंगे और वे अंतरराष्ट्रीय कंपनियों का अधिक कारगर ढंग से मुकाबला कर सकेंगे।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा