1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. टाटा ने कहा जेट एयरवेज को नहीं भेजा गया अभी कोई प्रस्‍ताव, शुरुआती चरण में है अधिग्रहण की बातचीत

टाटा ने कहा जेट एयरवेज को नहीं भेजा गया अभी कोई प्रस्‍ताव, शुरुआती चरण में है अधिग्रहण की बातचीत

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Nov 16, 2018 06:08 pm IST,  Updated : Nov 16, 2018 06:08 pm IST

टाटा संस ने शुक्रवार को कहा कि उसने संकटग्रस्त एयरलाइन जेट एयरवेज का अधिग्रहण करने के लिए अभी कोई प्रस्ताव नहीं भेजा है और इसके लिए बातचीत अभी केवल प्रारंभिक चरण में है।

jet airways- India TV Hindi
jet airways Image Source : JET AIRWAYS

मुंबई। टाटा संस ने शुक्रवार को कहा कि उसने संकटग्रस्‍त एयरलाइन जेट एयरवेज का अधिग्रहण करने के लिए अभी कोई प्रस्‍ताव नहीं भेजा है और इसके लिए बातचीत अभी केवल प्रारंभिक चरण में है। ऐसी खबरें आ रही हैं कि टाटा संस नरेश गोयल प्रवर्तित जेट एयरवेज को खरीदने की कोशिश कर रही है। टाटा संस पहले ही सिंगापुर एयरलाइंस और मलेशिया की एयर एशिया के साथ संयुक्‍त उपक्रम में विस्‍तारा और एयर एशिया इंडिया का संचालन कर रही है।

शुक्रवार को बोर्ड मीटिंग के बाद टाटा संस ने एक बयान में कहा कि वह यह स्‍पष्‍ट करना चाहती है कि जेट एयरवेज का अधिग्रहण करने की बातचीत अभी प्रारंभिक स्‍तर पर है और इसके लिए अभी तक कोई प्रस्‍ताव नहीं भेजा गया है।

इन खबरों की वजह से जेट एयरवेज के शेयरों में पिछले पांच दिनों में 40 प्रतिशत का उछाल आ चुका है। शुक्रवार को जेट एयरवेज का शेयर 8 प्रतिशत उछलकर 346.85 रुपए पर बंद हुआ। पिछले हफ्ते जेट एयरवेज के डिप्‍टी चीफ एग्‍जीक्‍यूटिव और चीफ फाइनेंशियल ऑफि‍सर अमित अग्रवाल ने कहा था कि कंपनी धन के लिए कई पार्टियों से बातचीत कर रही है और वह अपने छह बोइंग 777 हवाई जहाजों को भी बेच रही है।

जेट एयरवेज के चेयरमैन और प्रमोटर नरेश गोयल की अपने परिवार के साथ कंपनी में 51 प्रतिशत हिस्‍सेदारी है, जबकि 24 प्रतिशत हिस्‍सेदारी एतिहाद एयरवेज के पास है। चालू वित्‍त वर्ष की सितंबर तिमाही में जेट एयरवेज को 1261 करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। इससे पहले गुरुवार को जेट एयरवेज ने भी इस बात का खंडन किया था कि कंपनी को बेचने के लिए उसकी किसी के साथ बातचीत नहीं चल रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा