1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. वर्ल्‍ड बैंक प्रमुख जिम योंग किम ने सबको चौंकाया, किया 1 फरवरी को पद छोड़ने का ऐलान

वर्ल्‍ड बैंक प्रमुख जिम योंग किम ने सबको चौंकाया, किया 1 फरवरी को पद छोड़ने का ऐलान

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jan 07, 2019 11:43 pm IST,  Updated : Jan 07, 2019 11:43 pm IST

किम का कार्यकाल 2022 में समाप्त होगा। 58 वर्षीय किम छह साल से अधिक समय से इस पद पर हैं।

jim yong kim- India TV Hindi
jim yong kim Image Source : JIM YONG KIM

वॉशिंगटन। वर्ल्‍ड बैंक के अध्‍यक्ष जिम योंग किम ने सोमवार को पूरी दुनिया को उस समय चौंका दिया, जब उन्‍होंने 1 फरवरी को अपना पद छोड़ने की घोषणा की। वह अपने तय कार्यकाल से बहुत पहले यह पद छोड़ रहे हैं। किम का कार्यकाल 2022 में समाप्‍त होगा। 58 वर्षीय किम छह साल से अधिक समय से इस पद पर हैं। 

वॉशिंगटन स्थित वर्ल्‍ड बैंक का अध्यक्ष हमेशा अमेरिकी नागरिक होता है, जिसे अमेरिका द्वारा मनोनीत किया जाता है। अमेरिका इस बहु-पक्षीय वित्तीय संस्थान में सबसे बड़ा हिस्सेदार है। किम ने कहा कि वर्ल्‍ड बैंक के अध्यक्ष के रूप में सेवा देना उनके लिए बहुत गौरव की बात है। वर्ल्‍ड बैंक मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टालीना जॉर्जिवा एक फरवरी से किम की जगह अंतरिम अध्यक्ष का पदभार संभालेंगी। 

किम ने अपने पत्र में लिखा है कि वर्ल्‍ड बैंक का काम अब पहले की तुलना में अधिक महत्‍वपूर्ण है क्‍योंकि पूरी दुनिया में गरीबों की महत्‍वाकांक्षाएं बढ़ रही हैं और जलवायु परिवर्तन, महामारी, अकाल और शरणार्थी जैसी समस्‍याएं बढ़ती जा रही हैं। उन्‍होंने कहा‍ कि अध्‍यक्ष के रूप में सेवा देकर और इन सभी चुनौतियों के बीच संस्‍थान को अपनी स्थिति सुरक्षित बनाने में मदद करना मेरे लिए गर्व की बात है।

किम ने जुलाई 2012 में वर्ल्‍ड बैंक के प्रमुख की जिम्‍मेदारी संभाली थी। उन्‍होंने अपने पत्र के अंत में लिखा है कि वर्ल्‍ड बैंक के प्रमुख का पद छोड़ने के बाद वह एक कंपनी को ज्‍वॉइन करेंगे और उभरते देशों में इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर इन्‍वेस्‍टमेंट को बढ़ाने पर अपना ध्‍यान केंद्रित करेंगे। उन्‍होंने कहा कि जल्‍द ही वह अपनी नई जिम्‍मेदारी के बारे में घोषणा करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा