1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अमूल ने दूध की कीमत घटाई, जानें अब क्या होगी अमूल गोल्ड और अमूल ताजा की कीमत

अमूल ने दूध की कीमत घटाई, जानें अब क्या होगी अमूल गोल्ड और अमूल ताजा की कीमत

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jan 24, 2025 03:59 pm IST,  Updated : Jan 24, 2025 04:27 pm IST

अमूल ने सात महीने पहले अपने दूध की कीमत दो रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बढ़ा दी थी। अब इसमें एक रुपया प्रति लीटर की कटौती की गई है। तीन महीने पहले कंपनी ने वार्षिक नतीजे जारी किए थे। 2023 की तुलना में कंपनी का कारोबार आठ फीसदी बढ़ा है।

Amul- India TV Hindi
अमूल दूध Image Source : FILE PHOTO

दुनिया की सबसे बड़ी डेयरी कंपनियों में से एक अमूल ने अपने दूध की कीमत में एक रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। गुजरात सहकारी दूध विपणन संघ के प्रबंध निदेशक जयेन मेहता ने शुक्रवार को बताया कि अमूल ने अमूल गोल्ड, अमूल ताजा और अमूल टी स्पेशल एक किलो पैक में दूध की कीमत एक रुपये कम कर दी है। कंपनी ने सात महीने पहले दूध की कीमत दो रुपये प्रति लीटर की दर से बढ़ाई थी। इस समय कंपनी की तरफ से कहा गया था कि दूध के उत्पादन और परिचालन की कुल लागत में वृद्धि के कारण कीमतों में यह वृद्धि की जा रही है। 

अमूल गोल्ड की कीमत अब 65 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। जून 2024 से इसकी कीमत 66 रुपये प्रति लीटर थी। वहीं, अमूल टी स्पेशल दूध के एक लीटर वाले पाउच की कीमत 61 रुपये होगी। अमूल ताजा की कीमत भी 54 रुपये प्रति लीटर से कम होकर 53 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी।

अन्य कंपनियां भी कम कर सकती हैं कीमतें

अमूल देश का अग्रणी दूध आपूर्तिकर्ता है। ऐसे में अमूल दूध की कीमतें कम होने पर अन्य कंपनियों पर भी दूध की कीमत कम करने का दबाव होगा। मदर डेयरी सहित अन्य ब्रांड भी दूध की कीमत में कटौती कर सकते हैं। जून 2024 में अमूल के बाद अन्य कंपनियों ने भी अपने दूध के दाम कम किए थे।

पिछले वित्त वर्ष में अमूल का कारोबार आठ प्रतिशत बढ़ा

सितंबर 2024 में अमूल की तरफ से बताया गया था कि बेहतर बिक्री के चलते बीते वित्त वर्ष 2023-24 में उसका कारोबार आठ प्रतिशत बढ़कर 59,445 करोड़ रुपये हो गया है। सहकारी समिति ने अपनी 50वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के बाद एक बयान में कहा था, “जीसीएमएमएफ के स्वर्ण जयंती वर्ष में संगठन ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए आठ प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ 59,545 करोड़ रुपये (सात अरब डॉलर) का कारोबार किया।” ब्रांड अमूल का समूह कारोबार वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़कर 80,000 करोड़ रुपये (10 अरब डॉलर) हो गया, जो 2022-23 में 72,000 करोड़ रुपये (नौ अरब डॉलर) था। ब्रिटेन स्थित दुनिया की अग्रणी ब्रांड परामर्श कंपनी ब्रांड फाइनेंस के अनुसार, अमूल को दुनिया का सबसे मजबूत खाद्य ब्रांड और सबसे मजबूत डेयरी ब्रांड का दर्जा दिया गया है। जीसीएमएमएफ ने कहा कि यह दुनिया की सबसे बड़ी किसान-स्वामित्व वाली डेयरी सहकारी संस्था है, जिससे गुजरात के 18,600 गांवों में 36 लाख किसान जुड़े हुए हैं। इसके 18 सदस्य संघ प्रतिदिन 300 लाख लीटर दूध खरीदते हैं। (इनपुट-एएनआई/पीटीआई)

यह भी पढ़ें-

Budget 2025: बजट में ये 10 उपाय हर मध्य वर्गीय घर खरीदारों को दिला सकते हैं फायदा, वित्त मंत्री से हैं ये उम्मीदें

Gold Price Today: सोने का भाव सर्वकालिक उच्च स्तर पर, जानें एमसीएक्स पर प्रति 10 ग्राम की कीमत

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा