1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश में 4 रेल प्रोजेक्ट्स को मिली कैबिनेट की मंजूरी, जानें आम यात्रियों को क्या होगा फायदा

पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश में 4 रेल प्रोजेक्ट्स को मिली कैबिनेट की मंजूरी, जानें आम यात्रियों को क्या होगा फायदा

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 19, 2026 05:04 pm IST,  Updated : Aug 19, 2026 05:04 pm IST

मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स से रेल ऑपरेशन्स को अच्छी तरह से मैनेज किया जा सकेगा और इससे यात्रियों की भीड़भाड़ में भी काफी कमी आने की उम्‍मीद है।

rail projects, indian railways, ministry of railway, Cabinet Committee on Economic Affairs, Cabinet - India TV Hindi
4 रेल प्रोजेक्ट्स को मिली कैबिनेट की मंजूरी (सांकेतिक तस्वीर) Image Source : MINISTRY OF RAILWAYS

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने बुधवार को 4 रेल प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी। इन 4 प्रोजेक्ट्स की कुल लागत लगभग 9,450 करोड़ रुपये है। इन प्रोजेक्ट्स के तहत खड़गपुर-भद्रक सेक्शन पर चौथी लाइन (पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 173 किमी लंबा), भद्रक-हरिदासपुर सेक्शन पर चौथी लाइन (ओडिशा में 75 किमी लंबा), गुम्मिडिपुंडी-गुडुर सेक्शन पर तीसरी और चौथी लाइन (आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 90 किमी लंबा) तथा कटक-पारादीप सेक्शन पर तीसरी और चौथी लाइन (ओडिशा में 72 किमी लंबा) बिछाई जाएगी।

नए प्रोजेक्ट्स से रेलवे की क्षमता में होगी बढ़ोतरी

इन प्रोजेक्ट्स के पूरा होने से रेलवे की क्षमता में बढ़ोतरी होगी और ट्रेनों की आवाजाही में सुधार होगा। इन मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स से रेल ऑपरेशन्स को अच्छी तरह से मैनेज किया जा सकेगा और इससे यात्रियों की भीड़भाड़ में भी काफी कमी आने की उम्‍मीद है। आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इन प्रोजेक्ट्स की प्लानिंग प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अंतर्गत की गई हैं, जिनका मुख्य उद्देश्य मल्‍टी मॉडल कनेक्‍टिविटी और लॉजिस्टिक दक्षता को बढ़ाना है। इन प्रोजेक्ट्स से आम यात्रियों, वस्तुओं और सेवाओं की बिना किसी समस्या के आवाजाही सुनिश्चित होगी।

आम यात्रियों को क्या मिलेगा फायदा

इन चारों रेल प्रोजेक्ट्स के तहत खड़गपुर-भद्रक सेक्शन, भद्रक-हरिदासपुर सेक्शन, गुम्मिडिपुंडी-गुडुर सेक्शन और कटक-पारादीप सेक्शन सेक्शन पर रेल लाइन की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी। रेल लाइन की संख्या में बढ़ोतरी करने से ट्रेनों अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सिग्नल क्लियर मिलेगा और यात्री समय पर अपने गंतव्य पर पहुंच पाएंगे। इनके अलावा, लाइनों की संख्या बढ़ने से ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है, जिसका सीधा फायदा आम यात्रियों को मिलेगा।

6,448 गांवों की कनेक्टिविटी में होगा सुधार

पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश राज्यों के 8 जिलों को कवर करने वाले ये 4 प्रोजेक्ट्स भारतीय रेल के मौजूदा नेटवर्क को लगभग 410 किलोमीटर तक बढ़ा देंगे। प्रस्तावित मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट्स से लगभग 6,448 गांवों की कनेक्टिविटी में सुधार होगा, जिनकी आबादी लगभग 60 लाख है।

देश के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों तक रेल कनेक्टिविटी में होगा सुधार

इन रेल प्रोजेक्ट्स से देश भर के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों तक रेल कनेक्टिविटी में सुधार होगा, जिसमें कुलडीहा वन्यजीव अभयारण्य, भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान, मां भद्रकाली मंदिर, मां धमराई मंदिर, पंचलिंगेश्वर मंदिर, तलसारी-उदयपुर और चांदीपुर समुद्र तट, पुलिकट झील, नेलपट्टू पक्षी अभयारण्य, भगवान वीरराघव पेरुमल मंदिर, गदा कुजंगा जगन्नाथ मंदिर, सरला मंदिर, धबलेश्वर मंदिर, ललितगिरि (बौद्ध स्थल) आदि शामिल हैं।

ये भी पढ़ें

19 August, 2026 Stock Market Highlights: शेयर बाजार में नहीं थम रही गिरावट, इन स्टॉक्स में बड़ा नुकसान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा