1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. आम लोगों को महंगाई से मिलेगी राहत, सब्जियों की कीमत जल्द होगी कम, जानें क्यों

आम लोगों को महंगाई से मिलेगी राहत, सब्जियों की कीमत जल्द होगी कम, जानें क्यों

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Sep 16, 2024 03:01 pm IST,  Updated : Sep 16, 2024 03:01 pm IST

बैंक ऑफ बड़ौदा में अर्थशास्त्री अदिति गुप्ता का कहना है कि देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अच्छी बारिश हुई है। इसके कारण बांधों में मौजूद जल भंडार में इजाफा देखने को मिला है।

Inflation - India TV Hindi
महंगाई Image Source : FILE

महंगाई के मोर्चे पर अच्छी खबर है। आम लोगों को महंगाई से जल्द राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। दरअसल, भारत में इस वर्ष (13 सितंबर तक) लंबी अवधि के औसत से 8 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। इस कारण से आने वाले समय में सब्जियों और दूध की औसत खुदरा कीमतों में नरमी देखने को मिल सकती है। यह जानकारी सोमवार को जारी हुई एक रिपोर्ट में दी गई। एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज की ओर से जारी रिपोर्ट में बताया गया कि अब बुआई करीब पूरी हो चुकी है। अब फोकस फसल कटाई सीजन की तरफ शिफ्ट हो गया है।

मानसून बेहतर होने से बुआई का रकबा बढ़ा 

इस साल 6 सितंबर तक कुल 109.2 मिलियन हेक्टेयर्स क्षेत्र में बुआई हुई है और इसमें पिछले साल के मुकाबले सालाना आधार पर 2 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली है। रिपोर्ट में बताया गया कि इस सीजन में सभी मुख्य फसलों की अच्छी बुआई देखने को मिली है। चावल की 41 मिलियन हेक्टेयर्स, दालों की 12.6 मिलियन हेक्टेयर्स, मोटे अनाज की 18.9 मिलियन हेक्टेयर्स और तिलहन की 19.2 मिलियन हेक्टेयर्स में बुआई हुई है। बुआई का कुल क्षेत्रफल सामान्य बुआई क्षेत्रफल का 99 प्रतिशत है, जबकि 2023 में यह आंकड़ा 98 प्रतिशत था।

सप्लाई बढ़ने से कीमतें कम होंगी

रिपोर्ट में बताया गया कि अधिक आपूर्ति होने के कारण कीमतों में हाल में कमी देखने को मिली और कीमतें कुछ समय के लिए यहां स्थिर रह सकती हैं, जब तक बाजार में नई आपूर्ति नहीं आ जाती है। बैंक ऑफ बड़ौदा में अर्थशास्त्री अदिति गुप्ता का कहना है कि देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अच्छी बारिश हुई है। इसके कारण बांधों में मौजूद जल भंडार में इजाफा देखने को मिला है। खरीफ की फसल का बुआई क्षेत्र पिछले साल के मुकाबले 2.2 प्रतिशत बढ़ा है। इस साल अब तक संयुक्त रूप से 817.9 मिलीमीटर बारिश हुई है, पिछले साल यह आंकड़ा 684.6 मिलीमीटर था।

इनपुट: आईएएनएस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा