1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. निवेशकों की लग गई लॉटरी! इस कंपनी ने किया ₹110 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान, एक झटके में मालामाल हुए शेयर होल्डर्स

निवेशकों की लग गई लॉटरी! इस कंपनी ने किया ₹110 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान, एक झटके में मालामाल हुए शेयर होल्डर्स

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Feb 05, 2026 11:15 pm IST,  Updated : Feb 05, 2026 11:15 pm IST

देश की दिग्गज टू-व्हीलर कंपनी हीरो मोटोकॉर्प का बड़ा ऐलान। दिसंबर तिमाही के नतीजों के साथ कंपनी ने अपने शेयरहोल्डर्स को ऐसा तोहफा दिया है, जिसने बाजार में हलचल मचा दी है। हीरो मोटोकॉर्प ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ₹110 प्रति इक्विटी शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है।

हीरो मोटोकॉर्प ने...- India TV Hindi
हीरो मोटोकॉर्प ने डिविडेंड का ऐलान किया Image Source : CANVA

शेयर बाजार में जहां उतार-चढ़ाव बना हुआ है, वहीं टू-व्हीलर सेक्टर की दिग्गज कंपनी Hero MotoCorp ने अपने निवेशकों को बड़ी खुशखबरी दे दी है। दिसंबर तिमाही (Q3) के नतीजों के साथ कंपनी ने ऐसा तोहफा दिया है, जिसने शेयरहोल्डर्स के चेहरे खिला दिए हैं। हीरो मोटोकॉर्प ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ₹110 प्रति इक्विटी शेयर अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है, जिसे निवेशकों के लिए किसी लॉटरी से कम नहीं माना जा रहा।

कब मिलेगी डिविडेंड की रकम?

कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में बताया है कि इस अंतरिम डिविडेंड के लिए 11 फरवरी 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। यानी इस तारीख तक जिन निवेशकों के पास कंपनी के शेयर होंगे, वही डिविडेंड के हकदार होंगे। डिविडेंड का भुगतान 7 मार्च 2026 तक कर दिया जाएगा।

शेयर का हाल क्या कहता है?

फिलहाल हीरो मोटोकॉर्प का शेयर ₹5768.80 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जिसमें दिन के दौरान करीब 1.51% की गिरावट देखने को मिली। हालांकि, लंबी अवधि में इस शेयर ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। दिसंबर 2025 में यह शेयर ₹6,390 के 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर तक पहुंचा था, जबकि अप्रैल 2025 में इसका 52 हफ्ते का निचला स्तर ₹3,322.60 रहा।

तिमाही नतीजों में दमदार प्रदर्शन

हीरो मोटोकॉर्प के दिसंबर तिमाही के नतीजे भी मजबूत रहे हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 14% बढ़कर ₹1,268 करोड़ हो गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹1,108 करोड़ था। वहीं, ऑपरेशंस से रेवेन्यू 22% की बढ़ोतरी के साथ ₹12,487 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹10,260 करोड़ था। यह आंकड़े कंपनी की मजबूत मांग और बेहतर ऑपरेशनल रणनीति की कहानी बयां करते हैं।

भविष्य की तैयारी भी तेज

कंपनी के बोर्ड ने इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में मौजूदगी मजबूत करने के लिए यूलर मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड में ₹275 करोड़ के अतिरिक्त निवेश को भी मंजूरी दी है। यह निवेश प्राइमरी इन्फ्यूजन और सेकेंडरी परचेज के जरिए किया जाएगा।

मैनेजमेंट का भरोसा

कंपनी के CFO विवेक आनंद ने कहा कि वॉल्यूम और रिटेल मोमेंटम में डबल डिजिट ग्रोथ, बेहतर प्रोडक्ट मिक्स और ग्रामीण मांग में सुधार ने कंपनी के प्रदर्शन को मजबूती दी है। उनका मानना है कि अनुकूल आर्थिक माहौल और GST 2.0 जैसे फैक्टर्स आगे भी कंपनी के लिए पॉजिटिव रहेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा