1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सैलरी है या कुबेर का खजाना! दुनिया के सबसे अमीर आदमी Elon Musk के पैकेज को मिली मंजूरी, जानकर रह जाएंगे हैरान

सैलरी है या कुबेर का खजाना! दुनिया के सबसे अमीर आदमी Elon Musk के पैकेज को मिली मंजूरी, जानकर रह जाएंगे हैरान

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Jun 14, 2024 10:59 pm IST,  Updated : Jun 15, 2024 12:01 am IST

मस्क ने हाल ही में जेफ बेजोस को पीछे छोड़ दुनिया के सबसे अमीर शख्स के रूप में अपनी जगह फिर से बनाई है। एलन मस्क की नेटवर्थ 207 अरब डॉलर पर पहुंच गई है।

एलन मस्क नेटवर्थ- India TV Hindi
एलन मस्क नेटवर्थ Image Source : FILE

इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरर टेस्ला (Tesla) के शेयरधारकों ने कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एलन मस्क (Elon Musk) को 44.9 अरब अमेरिकी डॉलर (3,750 अरब रुपये) के मोटे वेतन पैकेज को बहाल करने के पक्ष में मतदान किया है। इस साल की शुरुआत में डेलावेयर के एक न्यायाधीश ने मस्क के इस भारी-भरकम वेतन पैकेज को नकार दिया था। लेकिन गुरुवार को शेयरधारकों ने इस पैकेज की बहाली का फैसला कर मस्क पर अपने भरोसे को साबित कर दिया है। हालांकि, शेयरधारकों की मंजूरी मिलने का यह मतलब नहीं है कि मस्क को अपना समूचा वेतन पैकेज जल्द ही मिल जाएगा। इसके लिए उन्हें डेलावेयर चांसरी अदालत और अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में महीनों लंबी कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ सकता है।

टेस्ला के साथ अपने भविष्य पर जताया था संदेह

मस्क ने इस साल टेस्ला के साथ अपने भविष्य को लेकर कुछ संदेह जताए थे। हालांकि, टेक्सास में गुरुवार को कंपनी की वार्षिक बैठक में मस्क ने शेयरधारकों को भरोसा दिया कि वह कंपनी में बने रहेंगे। टेस्ला ने गुरुवार रात को एक बयान में कहा कि शेयरधारकों ने मस्क के वेतन पैकेज को मंजूरी दे दी है। इस पैकेज को छह साल पहले भी कंपनी के निदेशक मंडल और शेयरधारकों ने मंजूरी दी थी। टेस्ला ने अप्रैल में शेयर बाजार को एक नियामकीय सूचना में इस पैकेज का आकार 44.9 अरब डॉलर बताया था। पहले यह 56 अरब डॉलर था लेकिन इस साल टेस्ला के शेयरों में करीब 25 प्रतिशत की गिरावट आने से इसका मूल्य घट गया है।

दुनिया के सबसे अमीर शख्स हैं एलन मस्क

एलन मस्क ने हाल ही में जेफ बेजोस को पीछे छोड़ दुनिया के सबसे अमीर शख्स के रूप में अपनी जगह फिर से बनाई है। एलन मस्क की नेटवर्थ 207 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। उनकी नेटवर्थ में एक ही दिन 3.70 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। हालांकि, टेस्ला, स्पेसएक्स और एक्स के मालिक एलन मस्क की नेटवर्थ में इस साल अब तक 22.5 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा