1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. किसानों को धान बेचने पर अलग से मिलेगा 109 रुपये प्रति क्विंटल बोनस, इस राज्य ने की घोषणा

किसानों को धान बेचने पर अलग से मिलेगा 109 रुपये प्रति क्विंटल बोनस, इस राज्य ने की घोषणा

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 26, 2026 07:59 pm IST,  Updated : Oct 26, 2026 07:59 pm IST

केंद्र सरकार ने 2026-27 के लिए सामान्य धान का एमएसपी 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का एमएसपी 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

farmers, paddy msp, bonus for farmers, bonus on paddy, jharkhand- India TV Hindi
किसानों को धान पर मिलेगा 109 रुपये प्रति क्विंटल बोनस Image Source : FREEPIK

झारखंड के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री इरफान अंसारी ने सोमवार को कहा कि राज्य के किसानों को वित्त वर्ष 2026-27 में केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित MSP के अलावा धान पर 109 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाएगा। वित्त वर्ष 2025-26 में झारखंड सरकार ने 81 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की मंजूरी दी थी। 

किसानों को किया जाएगा बोनस का एकमुश्त भुगतान

झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, ''सरकार ने किसानों के बोनस की राशि बढ़ाकर 109 रुपये करने का फैसला किया है। पिछले साल की तरह किसानों को इस बार भी एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा, इस बार धान खरीद का लक्ष्य 40 लाख क्विंटल रखा गया है, जो पिछले खरीफ सत्र की तुलना में 20 लाख क्विंटल कम है।'' 

केंद्र ने धान के लिए तय किया है 2441 रुपये से 2461 रुपये प्रति क्विंटल का एमएसपी

मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने 2026-27 के लिए सामान्य धान का एमएसपी 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का एमएसपी 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इसके अलावा, राज्य सरकार किसानों को प्रति क्विंटल 109 रुपये बोनस देगी। अंसारी ने बताया कि 40 लाख क्विंटल धान की खरीद के लक्ष्य के आधार पर 109 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बोनस भुगतान के लिए 43.60 करोड़ रुपये का अनुमान लगाया गया है। 

खरीद के लक्ष्य को बढ़ाकर 40 लाख क्विंटल करने का प्रस्ताव

मंत्री ने कहा कि 43.60 करोड़ रुपये की राशि की मंजूरी के लिए प्रस्ताव योजना अधिकृत समिति (SAC) के समक्ष रखा गया है। उन्होंने कहा कि विभागीय आकलन के अनुसार, केंद्र सरकार के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के केंद्रीय पूल के लिए 19.60 लाख क्विंटल और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (JSFSS) के लिए 19.79 लाख क्विंटल धान की जरूरत है। इसी को ध्यान में रखते हुए खरीद के लक्ष्य को बढ़ाकर 40 लाख क्विंटल करने का प्रस्ताव दिया गया है। 

दूसरे राज्यों से झारखंड में धान की आवक रोकने के लिए भी उठाए जाएंगे कदम

इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से झारखंड में धान की आवक रोकने के लिए भी कदम उठाएगी। पिछले साल एकमुश्त भुगतान व्यवस्था के तहत इन राज्यों के बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने झारखंड आए थे। अंसारी ने कहा कि किसानों को उनकी उपज की उचित कीमत दिलाना, उनकी आय बढ़ाना और खेती को ज्यादा लाभकारी बनाना सरकार की प्राथमिकताएं हैं।

ये भी पढ़ें

जयपुर-टाटानगर-सांतरागाछी एक्सप्रेस का हुआ उद्घाटन, अश्विनी वैष्णव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।