1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. फ्लिपकार्ट को वित्त वर्ष 2024-25 में 5189 करोड़ रुपये का नुकसान, मिंत्रा का मुनाफा कई गुना बढ़ा

फ्लिपकार्ट को वित्त वर्ष 2024-25 में 5189 करोड़ रुपये का नुकसान, मिंत्रा का मुनाफा कई गुना बढ़ा

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Sep 14, 2025 11:00 am IST,  Updated : Sep 14, 2025 11:00 am IST

फ्लिपकार्ट की वित्तीय लागत में भी जबरदस्त बढ़ोतरी हुई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 57 प्रतिशत बढ़कर लगभग 454 करोड़ रुपये हो गई।

flipkart, flipkart sale, flipkart big billion days sale, flipkart financial results, flipkart profit- India TV Hindi
फ्लिपकार्ट की वित्तीय लागत में भी जबरदस्त बढ़ोतरी Image Source : PTI

अमेरिका की दिग्गज रिटेल कॉर्पोरेशन वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का एकीकृत घाटा वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में बढ़कर 5189 करोड़ रुपये हो गया। कारोबार खूफिया मंच टॉफलर द्वारा प्राप्त आंकड़ों से ये जानकारी मिली है। वित्तीय स्थिति पर टिप्पणी के लिए फ्लिपकार्ट को भेजे गए ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला। इससे पिछले वित्त वर्ष (2023-24) में फ्लिपकार्ट इंडिया का घाटा 4248.3 करोड़ रुपये था। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में परिचालन से एकीकृत आय में 17.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की, जो वित्त वर्ष 2023-24 के 70,541.9 करोड़ रुपये से बढ़कर 82,787.3 करोड़ रुपये हो गई। 

फ्लिपकार्ट की वित्तीय लागत में भी जबरदस्त बढ़ोतरी

टॉफलर से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान कंपनी का कुल व्यय 17.4 प्रतिशत बढ़कर 88,121.4 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी की वित्तीय लागत में भी जबरदस्त बढ़ोतरी हुई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 57 प्रतिशत बढ़कर लगभग 454 करोड़ रुपये हो गई। बताते चलें कि फ्लिपकार्ट ने इस साल की बिग बिलियन डे सेल की घोषणा कर दी है। दीपावली की खरीदारी के लिए फ्लिपकार्ट की Big Billion Days सेल 23 सितंबर, 2025 को शुरू हो रही है। जबकि, प्लस और ब्लैक मेंबर्स के लिए ये सेल 22 सितंबर से ही शुरू हो जाएगी।

मिंत्रा के मुनाफे में कई गुना बढ़ोतरी

वहीं दूसरी ओर, फैशन और लाइफस्टाइल ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म मिंत्रा डिजाइन्स प्राइवेट लिमिटेड का एकीकृत मुनाफा मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष में कई गुना बढ़कर 548.3 करोड़ रुपये हो गया। टॉफलर से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बेंगलुरु स्थित इस कंपनी को इससे पिछले वित्त वर्ष में 30.9 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। कंपनी का परिचालन राजस्व वित्त वर्ष 2023-24 के 5121.8 करोड़ रुपये से 18 प्रतिशत बढ़कर वित्त वर्ष 2024-25 में 6042.7 करोड़ रुपये हो गया। बताते चलें कि फ्लिपकार्ट ने साल 2014 में 300 मिलियन डॉलर में मिंत्रा का अधिग्रहण कर लिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा