1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. LIC के करोड़ों निवेशकों के लिए अच्छी खबर, घर बैठे बीमा क्लेम, लोन एक ‘क्लिक’ पर मिलेगी, जानें कैसे

LIC के करोड़ों निवेशकों के लिए अच्छी खबर, घर बैठे बीमा क्लेम, लोन एक ‘क्लिक’ पर मिलेगी, जानें कैसे

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Nov 26, 2023 04:29 pm IST,  Updated : Nov 26, 2023 04:29 pm IST

एलआईसी नया निवेश प्लान ला रही है। इसमें निवेशकों को एक एश्योर्ड रिटर्न मिलेगा और इसके पूर्ण होने के बाद बाद पॉलिसीधारक को जीवन भर बीमा राशि का 10 प्रतिशत मिलेगा। नई सेवा बाजार में हलचल लाएगी क्योंकि हर कोई जानना चाहता है कि वह कितना भुगतान कर रहा है और 20-25 वर्षों के बाद उसे कितना प्रतिफल मिलेगा।

LIC- India TV Hindi
जीवन बीमा निगम (एलआईसी) Image Source : FILE

जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के करोड़ों बीमाधारक और एजेंटों के लिए अच्छी खबर है। डिजिटल क्रांति के इस दौर में एलआईसी भी अपने ग्राहक और एजेंटों की सहूलियत प्रदान के लिए बड़ा बदलाव करने जा रहा है। इसकी जानकारी खुद एलआईसी के चेयरमैन सिद्धार्थ मोहंती ने दी है। उन्होंने बताया कि एलआईसी ने संपूर्ण डिजिटल बदलाव परियोजना डीआईवीई (डिजिटल इनोवेशन एंड वैल्यू एन्हांसमेंट) शुरू की है। इस प्रोजेक्ट को चलाने के लिए एक सलाहकार नियुक्त किया गया है। 

उन्होंने कहा कि हमारा मकसद परियोजना डीआईवीई के जरिए अपने सभी हितधारकों, ग्राहकों, मध्यस्थों, विपणन संबंधी लोगों और हर किसी के लिए श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ डिजिटल सर्विस उपलब्ध कराना है। इसके तहत बीमा क्लेम, लोन और अन्य सर्विस एक ‘क्लिक’ पर उपलब्ध कराई जाएंगी। मोहंती ने कहा कि एलआईसी  ग्राहकों को ऑफिस आने की जरूरत नहीं है। वह घर बैठे अपने मोबाइल के जरिए हमारी जरूरी सर्विस तक पहुंच बना सकते हैं।

कारोबार बढ़ाने में भी होगा इस्तेमाल

हम वित्तीय प्रौद्योगिकी पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और व्यवसाय के विस्तार में इसकी क्षमता का इस्तेमाल करेंगे। एलआईसी ने उत्पाद वितरण के लिए चालू वर्ष में अब तक तीन वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनियों को कॉर्पोरेट एजेंट के रूप में जोड़ा है। एलआईसी ने चालू वित्त वर्ष 2023-24 में नई पॉलिसी के प्रीमियम में दहाई अंक मे वृद्धि हासिल करने के उद्देश्य से आने वाले महीनों में तीन से चार नए उत्पाद पेश करने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि एलआईसी दिसंबर के पहले सप्ताह में एक नई सेवा पेश करने जा रही है। उम्मीद है बाजार में इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिलेगी। 

एश्योर्ड रिटर्न प्लान ला रही एलआईसी 

नई सेवा की कुछ विशेषताएं साझा करते हुए मोहंती ने कहा कि यह सुनिश्चित रिटर्न प्रदान करेगी और इसके पूर्ण होने के बाद बाद पॉलिसीधारक को जीवन भर बीमा राशि का 10 प्रतिशत मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सेवा बाजार में हलचल लाएगी क्योंकि हर कोई जानना चाहता है कि वह कितना भुगतान कर रहा है और 20-25 वर्षों के बाद उसे कितना प्रतिफल मिलेगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा ऋण सुविधा और समय से पहले निकासी भी इस नई सेवा की विशेषताओं में शामिल है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा