गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने बुधवार को नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित फैक्ट्रियों पर संशोधित सैलरी वाले बोर्ड लगाए। प्रशासन ने मजदूरों की सुविधा के लिए ये बोर्ड लगाए हैं, ताकि उन्हें सरकार द्वारा सैलरी में की गई बढ़ोतरी की जानकारी मिल प्राप्त हो सके। बताते चलें कि सोमवार को यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिले में जगह-जगह पर मजदूरों ने सैलरी में बढ़ोतरी के लिए विरोध प्रदर्शन किया था। विरोध प्रदर्शन की आड़ में कई अराजक तत्वों ने नोएडा में कई जगहों पर जमकर तोड़फोड़ और आगजनी भी की थी। नोएडा में मचे बवाल को देखते हुए यूपी सरकार ने तत्काल मजदूरों की सैलरी में बढ़ोतरी को लेकर निर्देश जारी किए थे।
योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सैलरी में बढ़ोतरी को दी थी मंजूरी
गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया था कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार देर रात अलग-अलग वर्ग के मजदूरों की सैलरी में बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी। बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियोक्ताओं से समय पर सैलरी के भुगतान, ओवरटाइम का उचित भुगतान, साप्ताहिक छुट्टी, बोनस और सामाजिक सुरक्षा लाभ सुनिश्चित करने की अपील की है। इसके साथ ही, सरकार ने महिला कामगारों के लिए सुरक्षित कार्य परिस्थितियां बनाए रखने पर जोर दिया है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी कुशल श्रेणी में की गई है और गौतम बुद्ध नगर तथा गाजियाबाद में ये वृद्धि 21 प्रतिशत तक है। संशोधित सैलरी 1 अप्रैल, 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी।
नोएडा और गाजियाबाद में काम करने वाले मजदूरों को मिलेगी ज्यादा सैलरी
गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में अब अकुशल कामगारों को हर महीने 13,690 रुपये मिलेंगे, जो पहले 11,313 रुपये था। इसके अलावा, अर्धकुशल कामगारों को अब 15,059 रुपये और कुशल कामगारों को 16,868 रुपये मिलेंगे। बयान में कहा गया है कि अन्य नगर निगम क्षेत्रों के लिए संशोधित मासिक वेतन दरें अकुशल कामगारों के लिए 13,006 रुपये, अर्धकुशल के लिए 14,306 रुपये और कुशल कामगारों के लिए 16,025 रुपये तय की गई हैं। इसके अलावा, बाकी जिलों में अकुशल कामगारों को 12,356 रुपये प्रति माह, अर्धकुशल को 13,591 रुपये और कुशल कामगारों को 15,224 रुपये मिलेंगे।