1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. बांग्लादेश में दौड़ेगी 'मेड इन इंडिया' ट्रेन! कपूरथला फैक्ट्री में तैयार हुई 20 LHB कोच वाली रेक

बांग्लादेश में दौड़ेगी 'मेड इन इंडिया' ट्रेन! कपूरथला फैक्ट्री में तैयार हुई 20 LHB कोच वाली रेक

 Reported By: Anamika Gaur Written By: Shivendra Singh
 Published : Aug 11, 2026 03:42 pm IST,  Updated : Aug 11, 2026 03:42 pm IST

रेल कोच फैक्ट्री (RCF), कपूरथला ने बांग्लादेश रेलवे के लिए 20 LHB ब्रॉड गेज यात्री कोच वाली पहली रेक तैयार की है। यह उपलब्धि भारत की आधुनिक कोच निर्माण क्षमता के साथ-साथ दोनों देशों के बीच रेलवे सहयोग को भी मजबूत करेगी।

कपूरथला रेल फैक्ट्री...- India TV Hindi
कपूरथला रेल फैक्ट्री में बना बांग्लादेश के लिए रेल कोच Image Source : INDIAN RAILWAYS

भारत की रेलवे तकनीक और कोच निर्माण क्षमता का एक और शानदार उदाहरण सामने आया है। पंजाब के कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री (RCF) से बांग्लादेश रेलवे के लिए 20 LHB कोच वाली पहली रेक तैयार होकर रवाना होने जा रही है। खास बात यह है कि इन कोचों में कई ऐसे डिजाइन और तकनीकी बदलाव किए गए हैं, जिन्हें पहली बार LHB कोच में शामिल किया गया है।

बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार की गई इस पहली रेक में कुल 20 LHB ब्रॉड गेज पैसेंजर कोच हैं। इनमें 3 AC स्लीपर कोच, 3 AC चेयर कार, 12 नॉन-AC चेयर कार और 2 पावर कोच शामिल हैं। इन कोचों में यात्रियों की जरूरत और बांग्लादेश रेलवे की आवश्यकताओं के अनुसार कई खास बदलाव किए गए हैं। RCF के मुताबिक, इनमें कई डिजाइन फीचर्स और मॉडिफिकेशन ऐसे हैं, जिन्हें पहली बार LHB टाइप कोच में विकसित किया गया है।

भारत और बांग्लादेश के बीच पुरानी साझेदारी

RCF कपूरथला और बांग्लादेश रेलवे का रिश्ता नया नहीं है। दोनों के बीच सहयोग की शुरुआत 2015-16 में हुई थी, जब RCF ने बांग्लादेश रेलवे को 120 LHB ब्रॉड गेज यात्री कोच की सफलतापूर्वक आपूर्ति की थी। इस कामयाब साझेदारी के बाद बांग्लादेश रेलवे ने एक बार फिर RCF पर भरोसा जताया। साल 2024 में RITES के जरिए RCF को 200 ब्रॉड गेज पैसेंजर कोच बनाने का बड़ा ऑर्डर दिया गया। ये कोच 7 अलग-अलग वेरिएंट में तैयार किए जाने हैं।

रेलवे के लिए बड़ी उपलब्धि

20 कोच वाली पहली रेक का रोलआउट भारतीय रेलवे और RCF के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह सिर्फ एक विदेशी ऑर्डर पूरा करने की उपलब्धि नहीं है, बल्कि भारत की डिजाइन, इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को भी दिखाता है। 'मेड इन इंडिया' कोचों की यह खेप भारत की रेलवे तकनीक को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद करेगी। साथ ही, इससे भविष्य में दूसरे देशों से भी भारतीय रेलवे कोच और तकनीक के लिए नए ऑर्डर मिलने के रास्ते खुल सकते हैं।

भारत-बांग्लादेश रेल सहयोग होगा मजबूत

इस रेक के सफल रोलआउट से दोनों देशों के बीच रेलवे क्षेत्र में सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है। RCF की यह उपलब्धि भारत के लिए रेलवे एक्सपोर्ट और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह मजबूत करने की दिशा में भी अहम कदम है। आने वाले समय में भारतीय रेलवे के लिए ऐसे अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट नए अवसर पैदा कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर, दानापुर-फतुहा सेक्शन को मल्टीट्रैक बनाने की मिली मंजूरी- जानें आपको क्या होगा फायदा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा