1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. क्या अब सोना नहीं, चांदी की बारी? आज भाव 1.14 लाख रुपये के पार पहुंचा, जानें आगे क्या?

क्या अब सोना नहीं, चांदी की बारी? आज भाव 1.14 लाख रुपये के पार पहुंचा, जानें आगे क्या?

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jul 14, 2025 02:24 pm IST,  Updated : Jul 14, 2025 02:26 pm IST

वाईए वेल्थ ग्लोबल रिसर्च के निदेशक अनुज गुप्ता ने इंडिया टीवी को बताया कि चांदी में बड़ी तेजी की वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ नीति है।

Silver - India TV Hindi
चांदी Image Source : INDIA TV

पिछले डेढ़ साल सोने के लिए सुनहरा रहा है। सोने की कीमत में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। उसके मुकाबले चांदी सुस्त रही लेकिन अब चांदी की बारी आ गई है। ऐसा इसलिए कि चांदी की कीमत में एकतरफा तेजी देखने को मिल रही है। आज वायदा बाजार में चांदी की कीमत 1,14,875 प्रति किलोग्राम की रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में सितंबर में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंध की कीमत शुरुआती कारोबार में 1,14,875 प्रति किलोग्राम के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। बाद में इसमें थोड़ी नरमी आई और यह 1520 रुपये या 1.35 प्रतिशत बढ़कर 1,14,521 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

कमोडिटी एक्सपर्ट का कहना है कि वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी की कीमत 1.68 प्रतिशत की बढ़त के साथ 39.05 डॉलर प्रति औंस रही। इसका असर भारतीय मार्केट में हुआ। आपको बता दें कि इस साल अबतक चांदी ने अपने निवेशकों को सबसे अधिक 31% का बंपर रिटर्न दिया है। सर्राफा बाजार के विशेषज्ञों का कहना है कि चांदी में यह तेजी आगे भी जारी रहेगी। चांदी इस साल के अंत तक 1 लाख 25 हजार रुपये तक पहुंच सकता है। 

शुक्रवार को 1,05,500 रुपये थी कीमत 

दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को चांदी की कीमत भी 1,500 रुपये बढ़कर 1,05,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) थी। बृहस्पतिवार को चांदी 1,04,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। आपको बता दें कि 2005 में चांदी की कीमत प्रति किलो 12,250 रुपये थी। 2008 में कीमत बढ़कर 22,238 रुपये पहुंच गई। 2020 में चांद की कीमत 73,755 रुपये हो गई। अब 2025 में चांदी की कीमत पहले 1 लाख हुई। आज 1 लाख 14 हजार हो गई है। 

क्यों बढ़ रही चांदी की कीमत? 

वाईए वेल्थ ग्लोबल रिसर्च के निदेशक अनुज गुप्ता ने इंडिया टीवी को बताया कि चांदी में बड़ी तेजी की वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई टैरिफ नीति है। ट्रंप ने कॉपर आयात पर 50% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इतना ही नहीं, ब्राजील पर 50% और BRICS देशों पर 10% अतिरिक्त शुल्क भी लगाया है। कनाडा से आयात पर 35% ड्यूटी का ऐलान किय है। इससे वैश्विक बाजार में अनिश्चितता और चिंता बढ़ी है, जिससे निवेशक सेफ-हैवन (सुरक्षित निवेश) के रूप में चांदी की ओर रुख कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चांदी की कीमतें 37 डॉलर प्रति औंस को पार कर गईं, जो कि पिछले 13 वर्षों का सबसे ऊंचा स्तर है। चांदी में यह उछाल मुख्य रूप से ट्रेडर्स की नई खरीदारी, वैश्विक नीतिगत अनिश्चितता और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग से प्रेरित है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा