1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कोटक महिंद्रा बैंक खरीदेगा Deutsche Bank का रिटेल और प्राइवेट बैंकिंग कारोबार, CCI से मिली अधिग्रहण की मंजूरी

कोटक महिंद्रा बैंक खरीदेगा Deutsche Bank का रिटेल और प्राइवेट बैंकिंग कारोबार, CCI से मिली अधिग्रहण की मंजूरी

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Nov 04, 2026 11:13 am IST,  Updated : Nov 04, 2026 11:13 am IST

कोटक महिंद्रा बैंक अब देश में Deutsche Bank के रिटेल और प्राइवेट बैंकिंग कारोबार को अपने साथ जोड़ने की तैयारी में है। इस अधिग्रहण को भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) से मंजूरी मिल गई है।

ड्यूश बैंक को खरीदेगा...- India TV Hindi
ड्यूश बैंक को खरीदेगा कोटक महिंद्रा बैंक Image Source : ANI

भारत के बैंकिंग सेक्टर में एक बड़ी डील होने जा रही है। कोटक महिंद्रा बैंक अब जर्मनी के दिग्गज बैंक ड्यूश बैंक (Deutsche Bank) के भारत में रिटेल और प्राइवेट बैंकिंग कारोबार को अपने साथ जोड़ने की तैयारी में है। इस अधिग्रहण को भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) से मंजूरी मिल गई है। इस डील के बाद ड्यूश बैंक के कई ग्राहक कोटक महिंद्रा बैंक की सेवाओं से जुड़ सकते हैं। इस सौदे में रिटेल बैंकिंग, प्राइवेट बैंकिंग और वेल्थ मैनेजमेंट से जुड़े कारोबार शामिल हैं।

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने मंगलवार को इस प्रस्तावित अधिग्रहण को हरी झंडी दी। CCI के मुताबिक, कोटक महिंद्रा बैंक भारत में ड्यूश बैंक की शाखाओं के जरिए संचालित रिटेल बैंकिंग, प्राइवेट बैंकिंग और वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार का अधिग्रहण करेगा। यह सौदा स्लंप सेल के आधार पर किया जाएगा। आसान भाषा में समझें तो इसमें कारोबार को एक साथ एक इकाई के रूप में दूसरे बैंक को ट्रांसफर किया जाएगा। यह सौदा चालू व्यवसाय के रूप में होगा, यानी संबंधित कारोबार को उसकी मौजूदा स्थिति में आगे बढ़ाया जाएगा।

कितने बड़े कारोबार का होगा अधिग्रहण?

जून में दोनों बैंकों ने इस डील के लिए अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। उस समय दी गई जानकारी के मुताबिक, ड्यूश बैंक के इस कारोबार में करीब 29,000 करोड़ रुपये के लोन शामिल हैं। इसके अलावा, करीब 16,000 करोड़ रुपये की जमा राशि और 10,500 करोड़ रुपये की एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) भी इस कारोबार का हिस्सा हैं। AUM का मतलब उन निवेशों और संपत्तियों से है, जिनका प्रबंधन बैंक अपने ग्राहकों की ओर से करता है। इस अधिग्रहण से कोटक महिंद्रा बैंक को अपने वेल्थ मैनेजमेंट और प्राइवेट बैंकिंग कारोबार को बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

ग्राहकों के निवेश से जुड़ी सेवाओं पर भी समझौता

इस डील में दोनों बैंकिंग समूहों के सहयोगी संस्थानों के बीच रेफरल व्यवस्था भी शामिल है। इसके तहत ड्यूश इन्वेस्टमेंट्स इंडिया की इन्वेस्टमेंट एडवाइजरी और पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सेवाओं के ग्राहकों को कोटक महिंद्रा बैंक की संबंधित पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनियों के पास भेजा जाएगा। ड्यूश इन्वेस्टमेंट्स इंडिया, ड्यूश बैंक की अप्रत्यक्ष रूप से पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है।

कोटक महिंद्रा बैंक का कितना बड़ा है कारोबार?

साल 1985 में स्थापित कोटक महिंद्रा ग्रुप देश के प्रमुख वित्तीय सेवा समूहों में शामिल है। 31 मार्च 2026 तक समूह की कुल संपत्ति 10,03,353 करोड़ रुपये थी। वहीं, ड्यूश बैंक जर्मनी का प्रमुख बैंक है और यूरोप के साथ अमेरिका तथा एशिया पैसिफिक रीजन में भी इसकी मजबूत मौजूदगी है।

यह भी पढ़ें- PNB, केनरा बैंक ने FD की ब्याज दरें बढ़ाई, सीनियर सिटीजन को मिलेगा 7.25% तक रिटर्न; चेक करें पूरी डिटेल्स

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।