1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. थाईलैंड घूमने का बना रहे हैं प्लान? तो नए वीजा नियमों को अच्छे से समझ लीजिए; वरना उठानी पड़ सकती है परेशानी

थाईलैंड घूमने का बना रहे हैं प्लान? तो नए वीजा नियमों को अच्छे से समझ लीजिए; वरना उठानी पड़ सकती है परेशानी

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Feb 15, 2026 05:01 pm IST,  Updated : Feb 15, 2026 05:01 pm IST

थाईलैंड सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने और आर्थिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वीजा नियमों में कई अहम बदलाव किए हैं। इन बदलावों से जहां यात्रा आसान हुई है, वहीं नियमों की जानकारी न होने पर यात्रियों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ सकता है।

थाईलैंड के वीजा...- India TV Hindi
थाईलैंड के वीजा नियमों में बदलाव Image Source : X (TWITTER)

विदेश यात्रा की लिस्ट में अगर थाईलैंड सबसे ऊपर है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। थाई सरकार ने 2025 से वीजा नियमों में बड़े बदलाव किए हैं, जिनका मकसद पर्यटन को बढ़ावा देना, अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और यात्रियों के लिए एंट्री प्रक्रिया को आसान बनाना है। हालांकि नए नियम सुविधाजनक जरूर हैं, लेकिन उन्हें सही तरीके से समझना भी उतना ही जरूरी है, वरना एयरपोर्ट पर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

नए नियमों के तहत 93 देशों और क्षेत्रों के पासपोर्ट धारक अब थाईलैंड में बिना वीजा के प्रवेश कर सकते हैं। वे पर्यटन, काम या शॉर्ट टर्म बिजनेस के लिए अधिकतम 60 दिनों तक ठहर सकते हैं। इसके अलावा 31 देशों के नागरिक इमिग्रेशन चेकपॉइंट पर वीजा ऑन अराइवल के लिए आवेदन कर सकते हैं। सरकार जल्द ही इस लिस्ट में 8 और देशों को शामिल करने पर विचार कर रही है। इससे यात्रियों को पहले से वीजा आवेदन की झंझट से राहत मिलेगी।

रिमोट वर्कर्स और छात्रों के लिए खास वीजा

डिजिटल नोमैड्स और ऑनलाइन काम करने वालों के लिए डेस्टिनेशन थाईलैंड वीजा शुरू किया गया है। यह विशेष कैटेगरी उन विदेशी नागरिकों के लिए है जो थाईलैंड में रहकर रिमोट वर्क करना चाहते हैं। साथ ही नॉन-इमिग्रेंट ED प्लस वीजा भी लॉन्च किया गया है, जो पढ़ाई या पढ़ाई के साथ काम करने की सुविधा देता है। सरकार लंबी अवधि के वीजा, खासकर रिटायरमेंट प्लान करने वाले बुजुर्गों के लिए भी नियमों की समीक्षा कर रही है।

कम हुए वीजा कोड, प्रक्रिया हुई आसान

सरकार ने नॉन-इमिग्रेंट वीजा कोड की संख्या 17 से घटाकर 7 कर दी है, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल हो गई है। 1 जनवरी 2025 से दुनिया भर के 94 थाई दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों के जरिए ई-वीजा आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। यह बदलाव यात्रियों के लिए पारदर्शिता और तेज प्रोसेसिंग सुनिश्चित करने के लिए किए गए हैं।

डिजिटल अराइवल कार्ड से चेकपॉइंट पर राहत

1 मई 2025 से थाईलैंड डिजिटल अराइवल कार्ड (TM.6 ऑनलाइन सिस्टम) लागू कर दिया गया है। अब यात्रियों को प्रवेश से पहले अपनी जानकारी ऑनलाइन भरनी होगी, जिससे एयरपोर्ट और सीमा चेकपॉइंट पर लंबी कतारों से राहत मिलेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा