1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पीएम मोदी करेंगे पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन, तारीख का ऐलान, बिहार को मिलेगा चौथा हवाई अड्डा

पीएम मोदी करेंगे पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन, तारीख का ऐलान, बिहार को मिलेगा चौथा हवाई अड्डा

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Sep 10, 2025 08:35 pm IST,  Updated : Sep 10, 2025 08:35 pm IST

पूर्णिया एयरपोर्ट पटना, गयाजी और दरभंगा के बाद राज्य का चौथा हवाई अड्डा होगा। एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने कहा है कि वे पूर्णिया और कोलकाता के बीच हफ्ते में तीन फ्लाइट्स ऑपरेट करेगी।

purnia, purnia airport, purnea, purnea airport, purnea airport inauguration, purnea airport inaugura- India TV Hindi
बिहार को मिलेगा चौथा एयरपोर्ट Image Source : AAI

Purnea Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते बिहार के दौरे पर जा रहे हैं, जहां वे पूर्णिया में नए एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के साथ ही लगभग 45,000 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की भी शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए पूर्णिया आए बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में हवाई अड्डे को नियमित उड़ानों के लिए खोलने की घोषणा करेंगे। चौधरी के मुताबिक, क्षेत्र के लोग लंबे समय से इसकी मांग करते आ रहे थे। पूर्णिया हवाई अड्डे का रनवे, बिहार का सबसे बड़ा रनवे होगा। 

बिहार को मिलेगा चौथा एयरपोर्ट

पूर्णिया एयरपोर्ट पटना, गयाजी और दरभंगा के बाद राज्य का चौथा हवाई अड्डा होगा। एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने कहा है कि वे पूर्णिया और कोलकाता के बीच हफ्ते में तीन फ्लाइट्स ऑपरेट करेगी। उप-मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्णिया, नेपाल की सीमा से लगा हुआ है और बांग्लादेश से भी ज्यादा दूर नहीं है। चौधरी ने कहा, “ये एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन सकता है। मैंने हाल में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से दरभंगा और पूर्णिया को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए खोलने पर विचार करने का अनुरोध किया था। फिलहाल, हमारी प्राथमिकता नए हवाई अड्डों को रात में विमान उतारने की सुविधा समेत अन्य सभी सुविधाओं से लैस करने की है, ताकि ये देश भर के हवाई यात्रियों के लिए एक आरामदायक गंतव्य बन सके।”

बिहार में अब तक 1.5 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत

उप-मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार में अब तक लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की है और वे पूर्णिया से भी करीब 45,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का अनावरण करेंगे। सम्राट चौधरी ने कहा कि इनमें रेलवे संबंधी परियोजनाओं के साथ-साथ भागलपुर जिले के पीरपैंती में एक पावर प्लांट और कोसी-मेची नदी संपर्क परियोजना शामिल हैं। उन्होंने कहा, “ये डबल इंजन सरकार की ओर से बिहार के लोगों के लिए एक उपहार होगा।"

पीटीआई इनपुट्स के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा