1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सचिन तेंदुलकर ने ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI के साथ की पार्टनरशिप, बोले- हम कुछ दिलचस्प चीजें लेकर आ रहे हैं

सचिन तेंदुलकर ने ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI के साथ की पार्टनरशिप, बोले- हम कुछ दिलचस्प चीजें लेकर आ रहे हैं

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Sep 28, 2026 12:43 pm IST,  Updated : Sep 28, 2026 12:43 pm IST

सचिन ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वे ChatGPT के साथ नई संभावनाओं को तलाशने और अपने अनुभवों को दूसरों के साथ शेयर करने के लिए उत्साहित हैं।

sachin tendulkar, chatgpt, openai, ai, artificial intelligence- India TV Hindi
सचिन तेंदुलकर ने OpenAI के साथ की पार्टनरशिप Image Source : HTTPS://X.COM/SACHIN_RT

विश्व के दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI के साथ पार्टनरशिप कर ली है। सचिन ने सोमवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में OpenAI के साथ हुई इस पार्टनरशिप की घोषणा की। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि वे ChatGPT के साथ नई संभावनाओं को तलाशने और अपने अनुभवों को दूसरों के साथ शेयर करने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया कि इस पार्टनरशिप में ChatGPT के इस्तेमाल के नए तरीके ढूंढना और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस टेक्नोलॉजी को आजमाने के लिए प्रोत्साहित करना शामिल होगा।

सचिन तेंदुलकर एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी

सचिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "मैं OpenAI के साथ अपनी पार्टनरशिप का ऐलान करते हुए उत्साहित हूं। हम कुछ दिलचस्प चीजें लेकर आ रहे हैं और मैं उन्हें आपके साथ शेयर करने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। मैं हमेशा से ही जिज्ञासु रहा हूं। एक सवाल अक्सर दूसरे सवाल की ओर ले जाता है और ChatGPT ने निश्चित रूप से इस आदत को बढ़ावा दिया है। लेकिन जब मुझे कुछ काम करने की जरूरत होती है, जैसे परिवार के साथ अपनी ट्रिप की प्लानिंग करना, तब भी ये बहुत उपयोगी साबित हुआ है।"

सचिन तेंदुलकर ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, "इस पार्टनरशिप से मुझे यही उम्मीद है। ये पता लगाना कि मैं ChatGPT के साथ और क्या कर सकता हूं, जो मुझे उपयोगी लगे उसे शेयर करना, और ज्यादा लोगों को अपनी पसंद की चीजों के लिए इसे आजमाने के लिए प्रोत्साहित करना। कोई सवाल, कोई आइडिया, या कोई ऐसी चीज जिसे आप हमेशा से आजमाना चाहते थे। शुरुआत करने के लिए बहुत सारी जगहें हैं। साथ मिलकर नई चीजें तलाशने का इंतजार है।"

सचिन ने ChatGPT के साथ खेला अनोखा गेम

महान बल्लेबाज ने अपनी पोस्ट में एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वे ChatGPT से एक गेम खेलने के लिए कहते हैं और उससे सिर्फ 10 सवालों की मदद से ये अंदाजा लगाने को कहते हैं कि वे कौन हैं? ChatGPT आखिरकार उन 10 सवालों की मदद से सही जवाब दे देता है।

अलग-अलग सेक्टरों में चैटजीपीटी के इस्तेमाल का दायरा बढ़ा रही है कंपनी

सचिन और ओपनएआई के बीच ये पार्टनरशिप ऐसे समय में हुई है जब AI कंपनी अलग-अलग सेक्टर में चैटजीपीटी के इस्तेमाल का दायरा बढ़ा रही है। इस महीने की शुरुआत में, कंपनी ने 'फाइनेंशियल सर्विसेज के लिए ChatGPT' लॉन्च किया था। इन्वेस्टमेंट बैंकिंग और इक्विटी रिसर्च पर केंद्रित इस प्लेटफॉर्म पर फाइनेंशियल डेटासेट और फाइनेंशियल मॉडलिंग एवं एंटरप्राइज इस्तेमाल के लिए भी टूल्स उपलब्ध हैं।

ये भी पढ़ें

चांदी के भाव में ₹6600 तक की भारी गिरावट, ₹3200 से ज्यादा गिरी सोने की कीमतें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।