1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक, मुंबई के 5 सबसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 15 नवंबर तक बंद रहेंगी सेवाएं

प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक, मुंबई के 5 सबसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 15 नवंबर तक बंद रहेंगी सेवाएं

 Reported By: Saket Rai,  Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Nov 04, 2026 08:22 pm IST,  Updated : Nov 04, 2026 08:22 pm IST

दीपावली और छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मध्य रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है।

platform ticket, mumbai, csmt, kalyan, thane- India TV Hindi
प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक Image Source : CENTRAL RAILWAY

दीपावली और छठ महापर्व अब काफी करीब आ चुके हैं। उत्तर भारत के दो सबसे बड़े त्योहारों की वजह से देश के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भारी संख्या में यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए आ रहे हैं। आने वाले दिनों में यात्रियों की इस संख्या में और भी ज्यादा इजाफा होने की उम्मीद है। भारतीय रेल के मध्य रेलवे जोन ने रेलवे स्टेशनों पर भीड़ को काबू करने की दिशा में प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर अस्थाई रोक लगा दी है।

5 नवंबर से लेकर 15 नवंबर तक बंद रहेगी प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री

दीपावली और छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मध्य रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। मध्य रेलवे ने मुंबई के 5 सबसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 5 नवंबर से लेकर 15 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है। मध्य रेलवे की कोशिश है कि इस दौरान रेलवे स्टेशनों पर सिर्फ वही लोग आएं, जिनके पास यात्रा करने के लिए वैध टिकट हों।

इन रेलवे स्टेशनों पर नहीं मिलेंगे प्लेटफॉर्म टिकट

मध्य रेलवे के इस फैसले के तहत मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), दादर, लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT), ठाणे और कल्याण रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री 5 नवंबर से लेकर 15 नवंबर तक बंद रहेगी। हालांकि, रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार वरिष्ठ नागरिकों, बीमार यात्रियों, बच्चों और सहायता की जरूरत वाली महिला यात्रियों को विशेष परिस्थितियों में प्लेटफॉर्म टिकट जारी किए जाएंगे। 

दिल्ली के 5 स्टेशनों पर भी बंद की गई प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री

इसी तरह के एक फैसले में, उत्तर रेलवे ने भी दिल्ली के 5 रेलवे स्टेशनों पर 14 नवंबर, 2026 तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद रहेगी। उत्तर रेलवे के बताया कि इस दौरान नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली), हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और आनंद विहार हॉल्ट पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद रहेगी। इनके अलावा, गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर भी प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद रहेगी।

रेलवे का कहना है कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पहुंचते हैं। ऐसे में प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ को काबू करने के लिए ये कदम उठाया गया है।

पार्सल सेवाओं पर भी लगाए गए अस्थाई प्रतिबंध

प्लेटफॉर्म टिकट के अलावा उत्तर रेलवे ने 4 प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल सेवाओं को लेकर भी अस्थायी प्रतिबंध लगाए हैं। इनमें नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली जंक्शन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों पर तय प्रतिबंध अवधि के दौरान पार्सल की बुकिंग के साथ-साथ सामान की लोडिंग और अनलोडिंग भी प्रभावित रहेगी। हालांकि, इन चारों स्टेशनों के लिए प्रतिबंध की अवधि अलग-अलग तय की गई है।

ये भी पढ़ें

धनतेरस से पहले 4800 रुपये महंगा हुआ सोना, चांदी की कीमतों में भी 9000 रुपये की बंपर तेजी- चेक करें आज के ताजा भाव

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।