1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. वीकली एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स 237 अंक और टूटा, निफ्टी भी 17,500 के नीचे बंद हुआ

वीकली एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स 237 अंक और टूटा, निफ्टी भी 17,500 के नीचे बंद हुआ

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 13, 2022 05:03 pm IST,  Updated : Apr 13, 2022 05:03 pm IST

शेयर बाजार में बुधवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही। विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली से बाजार में कमजोरी आई है। गुरुवार और शुक्रवार को बाजार बंद रहेंगे।

sensex- India TV Hindi
sensex Image Source : FILE

Highlights

  • 58,338.93 अंक पर बंद हुआ बीएसई सेंसेक्स
  • 17,475.65 अंक पर बंद हुआ एनएसई निफ्टी
  • 105.23 डॉलर प्रति बैरल पहुंचा ब्रेंट क्रूड

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार बुधवार को शुरुआती बढ़त को गंवाते हुए लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। वैश्विक स्तर पर मिले-जुले रुख के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली के साथ एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक में गिरावट से बीएसई सेंसेक्स 237 अंक के नुकसान में रहा। वीकली एक्सपायरी एक दिन पहले होने के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में मजबूती के साथ खुला लेकिन बढ़त को बनाये रखने में विफल रहा और अंत में 237.44 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58,338.93 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 285.14 अंक तक नीचे आ गया था।

निफ्टी ने अहम सपोर्ट को तोड़ा 

इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी अपना अहम सपोर्ट तोड़ते हुए 54.65 अंक यानी 0.31 प्रतिशत नुकसान के साथ 17,475.65 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के तीस शेयरों में से एचडीएफसी लि., एचडीएफसी बैंक, मारुति, डॉ.रेड्डीज, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, पावरग्रिड और कोटक बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में आईटीसी, सन फार्मा, हिंदुस्तान यूनीलिवर लि., भारतीय स्टेट बैंक और एनटीपीसी शामिल हैं। 

निफ्टी में उतार-चढ़ाव बना रहा

एलकेपी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक रूपक डे के अनुसार, पूरे कारोबार के दौरान निफ्टी में उतार-चढ़ाव बना रहा। इस बीच, मंगलवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार खुदरा मुद्रास्फीति मार्च महीने में बढ़कर 17 महीने के उच्च स्तर 6.95 प्रतिशत पर पहुंच गयी। खुदरा महंगाई दर का यह आंकड़ा भारतीय रिजर्व बैंक के संतोषजनक स्तर से ऊपर है। वहीं, औद्योगिक उत्पादन फरवरी में केवल 1.7 प्रतिशत बढ़ा। एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की लाभ में जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट नुकसान में रहा। अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। 

गुरुवार और शुक्रवार को बाजार बंद रहेंगे 

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.56 प्रतिशत लाभ के साथ 105.23 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 3,128.39 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। शेयर बाजार महावीर जयंती और डॉ.बाबासाहेब अम्बेडकर जयंती के मौके पर गुरुवार को तथा गुड फ्राइडे के अवसर पर शुक्रवार को बंद रहेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा