1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. स्मार्टफोन बना भारत का सबसे ज्यादा एक्सपोर्ट होने वाला प्रोडक्ट, इस देश में जाता है सबसे ज्यादा माल

स्मार्टफोन बना भारत का सबसे ज्यादा एक्सपोर्ट होने वाला प्रोडक्ट, इस देश में जाता है सबसे ज्यादा माल

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : May 18, 2025 12:24 pm IST,  Updated : May 18, 2025 12:24 pm IST

बीते वित्त वर्ष में अमेरिका, नीदरलैंड, इटली, जापान और चेक गणराज्य टॉप-पांच देश रहे जहां स्मार्टफोन निर्यात में सबसे ऊंची वृद्धि दर्ज हुई है। अकेले अमेरिका को 2024-25 में स्मार्टफोन का निर्यात 10.6 अरब डॉलर का हो गया।

स्मार्टफोन- India TV Hindi
स्मार्टफोन Image Source : FILE

पिछले तीन साल में अमेरिका को भारत का स्मार्टफोन निर्यात पांच गुना हो गया है। वहीं, इस दौरान जापान को निर्यात चार गुना हो गया है। सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। इस तरह आज स्मार्टफोन निर्यात ने देश से पेट्रोलियम उत्पादों और हीरे के निर्यात को पीछे छोड़ दिया है। आंकड़ों के अनुसार, 2024-25 में स्मार्टफोन निर्यात 55 प्रतिशत के उछाल के साथ 24.14 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो 2023-24 में 15.57 अरब डॉलर और 2022-23 में 10.96 अरब डॉलर था।

ये रहे टॉप-5 देश

बीते वित्त वर्ष में अमेरिका, नीदरलैंड, इटली, जापान और चेक गणराज्य टॉप-पांच देश रहे जहां स्मार्टफोन निर्यात में सबसे ऊंची वृद्धि दर्ज हुई है। अकेले अमेरिका को 2024-25 में स्मार्टफोन का निर्यात 10.6 अरब डॉलर का हो गया। अमेरिका को स्मार्टफोन का निर्यात 2022-23 में 2.16 अरब डॉलर और 2023-24 में 5.57 अरब डॉलर रहा था। जापान को निर्यात में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। जापान को निर्यात 2022-23 के 12 करोड़ डॉलर से 2024-25 में 52 करोड़ डॉलर हो गया।

स्मार्टफोन भारत का सबसे ज्यादा निर्यात वाला उत्पाद

वाणिज्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा,‘‘इस तेज उछाल के साथ स्मार्टफोन भारत का सबसे ज्यादा निर्यात वाला उत्पाद बन गया है। इसने पहली बार पेट्रोलियम उत्पादों और हीरे को पीछे छोड़ दिया है।’’अधिकारी ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में इस क्षेत्र में भारी उछाल आया है, जिससे देश एक प्रमुख ग्लोबल मैन्यूफैक्चरर और उपभोक्ता केंद्र में बदल गया है। उन्होंने कहा कि इस वृद्धि में उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (PLI) योजना का खास योगदान रहा है। पीएलआई से जहां निवेश बढ़ा है, वहीं स्थानीय उत्पादन को भी बढ़ावा मिला और भारत को वैश्विक मूल्य श्रृंखला से अधिक गहराई से जोड़ने में मदद मिली है।

इटली और नीदरलैंड को भी बढ़ा निर्यात

आंकड़ों के अनुसार, नीदरलैंड को निर्यात 2022-23 के 1.07 अरब डॉलर से बढ़कर 2024-25 में 2.2 अरब डॉलर हो गया। इसी तरह, इटली को निर्यात 72 करोड़ डॉलर से बढ़कर 1.26 अरब डॉलर पर पहुंच गया। चेक गणराज्य को भी निर्यात 65 करोड़ डॉलर से बढ़कर 1.17 अरब डॉलर हो गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा